संसारपुर टैरस में बिना नोटिस निकाले कर्मचारी, अम्बुजा सीमैंट उद्योग से 82 कर्मचारी ट्रांसफर

Wednesday, Dec 21, 2022 - 11:12 PM (IST)

शिमला/संसारपुर टैरस (ब्यूरो/अरविंद): एसीसी और अम्बुजा सीमैंट फैक्टरी की तालाबंदी के बीच प्रदेश में स्थापित कई उद्योगों में कई कर्मचारियों एवं कामगारों की छंटनी होने की सूचना मिल रही है। औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरस में पेपर बनाने वाले शंकर बोर्ड उद्योग में भी ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां पर सेवाएं देने वाले कर्मचारी विक्रमजीत, राजिंदर, मुकेश, परविंदर, लेखराज, संसार चंद, जर्मन सिंह, संजीव, राजीव, विपिन, नरेश, सुरेश, गौरव, निर्मल व राजेश कुमार को बिना नोटिस दिए निकालने के आदेश जारी हुए हैं, जिसके विरोध में उन्होंने कंपनी के बाहर प्रदर्शन किया।

कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें न तो समय पर वेतन मिलता है और न ही अन्य तरह सुविधाएं। इसके अलावा बीबीएन क्षेत्र में घाटे में चल रही धागा मिलों में भी कामगारों की छंटनी की तैयारी को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। इससे पहले ऊना जिले के गगरेट में भी कामगारों की छंटनी हो चुकी है। 

इसी बीच अदानी ग्रुप ने अम्बुजा सीमैंट उद्योग दाड़लाघाट में कार्यरत करीब 82 तकनीकी कर्मचारियों को अपने दूसरे प्लांटों के लिए ट्रांसफर कर दिया है। सीमैंट उद्योग बंद होने के बाद ये कर्मचारी फिलहाल बेकार हो गए थे। इससे ये भी संकेत मिल रहे हैं कि यह विवाद लम्बा खिंचने वाला है। प्रबंधन उद्योग को खोलने के मूड में नहीं है। जिन कर्मचारियों की ट्रांसफर की गई है उनमें अधिकांश बाहरी राज्यों के हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
  

Content Writer

Vijay