Chamba: बिजली बोर्ड ने जारी किया सख्त फरमान, बिल जमा न करवाने वाले 296 उपभोक्ताओं के कटेंगे कनैक्शन
punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 10:40 PM (IST)
बनीखेत/चम्बा (पार्थ): विद्युत उपमंडल डल्हौजी के अंतर्गत बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बोर्ड ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। बोर्ड ने जनवरी 2026 के बिजली बिलों का समय पर भुगतान न करने वाले 500 उपभोक्ताओं को 29 जनवरी को नोटिस जारी किए थे, लेकिन नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद भी 296 उपभोक्ताओं ने बकाया राशि जमा नहीं करवाई। इसके चलते विद्युत अधिनियम 2003 तथा हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के नियमों के तहत इन उपभोक्ताओं के बिजली कनैक्शन अस्थायी रूप से काटने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार 134 घरेलू उपभोक्ताओं पर 6,38,325 रुपए, 141 व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर 13,02,587 रुपए, 5 लघु उद्योग उपभोक्ताओं पर 50,530 रुपए, 4 अस्थायी उपभोक्ताओं पर 37,238 रुपए तथा 12 एनडीएनसी उपभोक्ताओं पर 82,960 रुपए बकाया हैं। इस प्रकार कुल 21,11,640 रुपए की राशि वसूल की जानी है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली आपूर्ति पुनः बहाल करवाने के लिए उपभोक्ताओं को बकाया बिल के साथ 250 रुपए पुनः संयोजन शुल्क जमा करना होगा। साथ ही विभाग ने उपभोक्ताओं को सूचित किया है कि बोर्ड अपने डाटा सैंटर के सॉफ्टवेयर को अपग्रेड करने जा रहा है, जिसके चलते 26 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि से बिलिंग और भुगतान से संबंधित सभी ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपने बिजली बिलों का भुगतान कर दें। विद्युत उपमंडल डल्हौजी के सहायक अभियंता रमणीक सिंह ने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिलों के भुगतान की अपील की है।

