बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को फरवरी में मिलेगी OPS की सौगात, मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन

Thursday, Jan 18, 2024 - 07:16 PM (IST)

शिमला (राजेश): बिजली बोर्ड कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। कर्मचारियों को जल्द ही ओपीएस यानी पुरानी पैंशन स्कीम की सौगात मिलेगी। यह आश्वासन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश स्टेट इलैक्ट्रीसिटी बोर्ड इम्प्लाइज एंड इंजीनियर के ज्वाइंट फ्रंट को दिया है। मुख्यमंत्री द्वारा किए गए वायदे के अनुसार मुख्यमंत्री ने वीरवार को ओकओवर में प्रदेश स्टेट इलैक्ट्रीसिटी बोर्ड इम्प्लाइज एंड इंजीनियर के ज्वाइंट फ्रंट के पदाधिकारियों को बुलाया और दो अहम मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें एक कर्मचारियों को पुरानी पैंशन बहाल करना था और दूसरा बिजली बोर्ड में स्थायी प्रबंध निदेशक लगाने की मांग थी। मुख्यमंत्री ने फ्रंट के पदाधिकारियों के साथ इन दोनों मांगों पर विशेष रूप से चर्चा की और आश्वस्त किया कि मांगों को पूरा किया जाएगा।

कर्मचारियों को पुरानी पैंशन बहाल होने की पूरी उम्मीद : हीरा लाल
बैठक के बाद फ्रंट सह संयोजक हीरा लाल वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ मांगों को लेकर एक सौहार्दपूर्ण बैठक हुई। बैठक में विस्तार से मांगों पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने फ्रंट को पूर्ण रूप से आश्वस्त किया है कि फरवरी माह में कर्मचारियों की पुरानी पैंशन बहाल कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त स्थायी प्रबंध निदेशक भी बोर्ड में नियुक्त किया जाएगा। उन्हें कहा कि अब पूरी उम्मीद है कि कर्मचारियों को पुरानी पैंशन बहाल होगी। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एवं बिजली बोर्ड के चेयरमैन भरत खेड़ा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान सहित फ्रंट के संयोजक ई. लोकेश ठाकुर व सह संयोजक हीरा लाल वर्मा सहित फ्रंट के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

10 माह से पुरानी पैंशन बहाल होने के इंतजार में कर्मी
बिजली बोर्ड में कर्मचारी पिछले 10 महीने से पुरानी पैंशन बहाल होने के इंतजार में हैं। प्रदेश में अन्य विभागों के सरकारी कर्मचारियों को बीते वर्ष अप्रैल माह में पुरानी पैंशन बहाल हो गई है और इसका लाभ भी मिलना शुरू हो गया है। वहीं बोर्ड कर्मी अभी पैंशन को लेकर संघर्ष ही कर रहे हैं। पिछले 10 महिनों में पैंशन बहाली को लेकर कई बार मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं। वहीं एक बार फिर से फ्रंट के पदाधिकारी मुख्यमंत्री से मिले हैं।  
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay