दीवाली से पहले शिमला की सड़कों पर दौड़ेंगी Special 20 सीटर मिनी इलैक्ट्रिक बसें

Saturday, Oct 12, 2019 - 10:22 AM (IST)

शिमला (राजेश): राजधानी शिमला की सड़कों पर जल्द ही 20 सीटर 7 मीटर मिनी इलैक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी। एच.आर.टी.सी. निगम प्रबंधन ने 20 बसों की खरीददारी पर कंपनी को अंतिम मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी दिल्ली में मिनी इलैक्ट्रिक बसों के निरीक्षण को लेकर दिल्ली गई निगम की टीम ने दी है। शिमला मुख्यालय से दिल्ली गई टीम ने शुक्रवार व वीरवार को बसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में टीम ने पाया कि जिस प्रकार से निगम ने टैंडर किए थे और बसों को बनाने के लिए कहा था, उसी प्रकार बसों को बनाया गया है।

अधिकारियों के अनुसार दीवाली से पहले बसें शिमला पहुंचेंगी और अगले सप्ताह ये बसें शिमला पहुंचना शुरू हो जाएंगी। कंपनी द्वारा ये बसें बड़े-बड़े ट्रालों में पहुंचाई जाएंगी। ये बसें पूरी तरह से इलैक्ट्रिक हैं लेकिन इन बसों की खास बात यह होगी कि ये मात्र 7 मीटर होंगी। यानी ये बसें शिमला के छोटे व तीखे सड़क मार्गों पर आसानी से मुड़ सकेंगी। बसों को तीखे मोड़ वाले मार्गों पर मुडऩे या पीछे हटने में कोई परेशानी नहीं होगी।

शिमला से दिल्ली बसों के निरीक्षण के लिए गई टीम में एच.आर.टी.सी. सी.जी.एम. एच.के. गुप्ता, आर.एम. सिटी देवासेन नेगी, एस.सी.एफ.ए. सुरेंद्र राजपूत, राजेंद्र ठाकुर मैकेनिक और चालक चमन शामिल रहे। शहर में इससे पहले 30 इलैक्ट्रिक बसें दौड़ रही हैं। ये बसें 9 मीटर लंबी और 31 सीटर हैं। ये बसें मौजूदा समय में शहर के विभिन्न रूटों पर दौड़ रही हैं जिनमें शिमला के ग्रामीण क्षेत्र भी शामिल हैं, वहीं इन बसों में बैटरी पावर भी अधिक है।

kirti