Election Result: हिमाचल के इन 4 प्रत्याशियों के सिर सजा ताज (Watch Pics)

Thursday, May 23, 2019 - 10:09 PM (IST)

शिमला: लोकसभा चुनाव 2019 में हिमाचल की चारों सीटों पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। इस बार बीजेपी ने देश ही नहीं बल्कि हिमाचल में भी जीत दर्ज कर रिकॉर्ड कायम किया है। इस खुशी में बीजेपी ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। कई जिलों में तो बीजेपी ने लड्डू बांटे। वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ओक ओवर में भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया। कांगड़ा, मंडी, शिमला और हमीरपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।


हमीरपुर सीट से जहां अनुराग ठाकुर ने जीत का चौका लगा लिया है। वहीं, रामस्वरूप शर्मा ने दूसरी बार जीत दर्ज की है। शिमला से सुरेश कश्यप ने कांग्रेस के धनी राम शांडिल को मात दी है। कांगड़ा सीट से भाजपा के किशन कपूर ने पवन काजल को हराया है। बता दें कि 2014 में भी भाजपा ने हिमाचल की चारों सीटों पर कब्जा जमाया था। साल 2009 में तीन सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में गई थी।


इसी तरह साल 2004 में कांग्रेस के कर्नल धनीराम शांडिल ने 3,11,182 वोट हासिल कर भाजपा के हीरानंद कश्यप को हराया। जबकि मंडी से प्रतिभा सिंह ने 3,57,623 वोट हासिल किए और महेश्वर सिंह को हराया। कांगड़ा से कांग्रेस के चंद्र कुमार ने 3,14,555 वोट लेकर शांता कुमार को हराया। हमीरपुर सीट से भाजपा के सुरेश चंदेल ने 3,13,243 वोट लेकर रामलाल ठाकुर को हराया था। इसी सीट पर उप चुनाव हुआ जिसमें अनुराग ठाकुर ने 3,74,339 वोट प्राप्त कर ओपी रत्न और पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल ने 3,82,128 हासिल कर रामलाल ठाकुर को हराया। 

हमीरपुर सीट से अनुराग ने जीत हासिल कर रामलाल को पछाड़ा

इन चुनावों में जीत के साथ हमीरपुर सीट से जहां अनुराग ने लगातार चौथी बार जीत का चौका लगाया वहीं रामलाल ठाकुर चौथी बार लोकसभा चुनाव हारे। हमीरपुर सीट से अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर को रिकॉर्ड तोड़ करीब 3,99,572 मतों से हराया। बीजेपी प्रत्याशी अनुराग ठाकुर को कुल 6,82,692 वोट पड़े हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर को कुल 2,83,120 वोट पड़े हैं। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से नतीजे को लेकर औपचारिक ऐलान होना बाकी है। बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा को 98 हजार मतों से हराया था। उन्होंने इस बार हमीरपुर संसदीय सीट से जीत का चौका लगाया है। 

कांगड़ा सीट से किशन कपूर ने मारी बाजी

हिमाचल में एक बार फिर लोकसभा की चारों सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की है। कांगड़ा संसदीय सीट से किशन कपूर ने 4,77,623 वोटों से जीत हासिल कर कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल को हराया है। किशन कपूर ने 7,25,218 वोट हासिल किए जबकि पवन काजल ने 2,47,595 वोट हासिल किए। वहीं किशन कपूर की जीत के पीछे शांता कुमार का हाथ माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में शांता कुमार ने इस सीट से जीत दर्ज की थी। वहीं उनके शिष्य किशन कपूर को इस बार मैदान में उतारा गया था। किशन कपूर की जीत के साथ ही कांगड़ा में जीत के जश्न का माहौल है।

मंडी सीट से रामस्वरूप शर्मा के सिर सजा ताज

हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की है। मंडी सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद व प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा ने 4,05,459 वोट हासिल कर कांग्रेस के प्रत्याशी व सुखराम के पोते आश्रय शर्मा को हराया है। जिससे कांग्रेस को करारा झटका लगा है। यह सीट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृहक्षेत्र भी है। रामस्वरूप शर्मा ने कुल 6,47,189 वोट हासिल किए हैं जबकि आश्रय शर्मा को 2,41,730 वोट पड़े। रामस्वरूप शर्मा दूसरी बार जीते हैं। 

शिमला सीट से सुरेश कश्यप ने धनीराम शांडिल को हराया

हिमाचल में बीजेपी के चारों उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर ली है। शिमला लोकसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने 3,27,515 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी धनीराम शांडिल को हराया है। सुरेश कश्यप ने 6,06,183 वोट हासिल किए जबकि धनीराम शांडिल को 2,78,668 वोट ही पड़े। शिमला संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ओक ओवर में लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया। 

रिकॉर्डतोड़ 73 फीसदी के करीब हुई वोटिंग 

उल्लेखनीय है कि हिमाचल में चारों सीटों पर 45 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे ज्यादा 17 प्रत्याशी मंडी सीट पर उतरे थे। कांगड़ा और हमीरपुर में 11-11 और शिमला में छह प्रत्याशी मैदान में हैं। इस वजह से यहां दो ईवीएम के जरिए वोटिंग हुई है। वहीं इस बार लोकसभा चुनाव में बीते 42 साल का वोटिंग का रिकॉर्ड टूटा है और रिकॉर्डतोड़ 73 फीसदी के करीब वोटिंग हुई है। 

Ekta