हिमाचल: चुनाव आयोग ने दी मंजूरी, लाहौल-स्पीति की महिलाओं को मिलते रहेंगे 1500 रुपए

Wednesday, Apr 17, 2024 - 06:39 PM (IST)

शिमला (प्रीति): प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिला की महिलाओं को 1500 रुपए की राशि मिलती रहेगी। केंद्रीय चुनाव आयोग ने इसकी मंजूरी दे दी है। हालांकि इस दौरान 1500 रुपए के लिए आए नए आवेदनों पर रोक रहेगी। जानकारी के मुताबिक सरकार ने चुनाव आयोग को इस योजना को जारी रखने के लिए पत्र भेजा था। इसके तहत प्रदेश की सभी महिलाओं को 1500 रुपए देने का आग्रह किया गया था। इसके बाद चुनाव आयोग ने केंद्रीय चुनाव आयोग को मामला भेजा और जानना चाहा कि योजना को जारी रखा जाए या नहीं। ऐसे में अब केंद्रीय चुनाव आयोग ने जिन महिलाओं को आचार संहिता लगने से पूर्व योजना के तहत 1500 रुपए मिल रहे थे, उन्हें यह राशि देने की परमिशन दी है। इसके बाद अब साफ हो गया है कि लाहौल-स्पीति की महिलाओं को यह राशि मिलती रहेगी। चुनाव आचार संहित से पूर्व लाहौल-स्पीति की महिलाओं को 1500 रुपए की राशि दे दी गई थी। ऐसे में अब इन महिलाओं के लिए यह योजना जारी रहेगी। दूसरी तरफ हिमाचल में सामाजिक सुरक्षा के तहत महिलाओं को 1500 रुपए की पैंशन मिलती रहेगी। अभी तक सामाजिक सुरक्षा के तहत महिलाओं को 1150 रुपए मासिक पैंशन मिलती थी, अब ये पैंशन 1500 रुपए मिलेगी। इसकी भी चुनाव आयोग से अनुमति मिल गई है। इस योजना में नए लाभार्थी नहीं जोड़े जा सकेंगे और योजना के प्रचार पर भी अभी रोक रहेगी। लाहौल-स्पीति में यह योजना पहले शुरू हो गई थी। इसलिए यहां भी 1500 रुपए की पैंशन की सुविधा महिलाओं को मिलती रहेगी।

चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद ही भरे जाएंगे फार्म
चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद ही अब 1500 रुपए के लिए फार्म भरे जाएंगे। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि योजना के फार्म अब चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद ही भरे जाएंगे। इसके अलावा चुनाव आचार संहिता लगने से पूर्व योजना का लाभ उठाने के लिए जिन महिलाओं ने फार्म भरे थे, उन्हें भी अभी इसका लाभ नहीं मिलेगा। बताया जा रहा है कि आचार संहिता लगने से पहले लगभग 48 हजार महिलाओं ने फार्म भरा था।

प्रदेश की 2 लाख से अधिक महिलाओं को मिलना है योजना का लाभ
सरकार ने 2 लाख से अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ देने का फैसला लिया था। इसमें 18 से 59 वर्ष की महिलाएं पात्र होंगी। एकल महिलाएं, विधवा, जिनकी आय का कोई साधन नहीं है, गरीब परिवार की महिलाओं को इस योजना में शामिल किया जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay