Lok Sabha Election : युवाओं के साथ बुजुर्गों ने मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर लिया भाग

Sunday, May 19, 2019 - 07:23 PM (IST)

मंडी (नीरज): देश में लोकसभा के अंतिम चरण के चुनाव में हिमाचल प्रदेश में भी रविवार को मतदान की प्रक्रिया को पूरा किया गया। इस दौरान प्रदेश की मंडी संसदीय सीट पर शाम 5 बजे तक लगभग 70 प्रतिशत मतदान पूरा हो चुका था जबकि मतदान का प्रतिशत 75 तक जाने की संभावना है।

चुनावों के दौरान जहां पहली बार मतदान कर रहे युवाओं में जोश दिखा तो वहीं बुजुर्गों ने भी लंबी उम्र के पड़ाव के साथ मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

मंडी जिला की बात करें तो यहां पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पोलिंग बूथ पर भी बहुत से बुजुर्ग मतदान करने पहुंचे। यहां पर मुरहाग पंचायत के तांदी गांव की 80 वर्षीय बैसाखी देवी ने मतदान किया।

वहीं मंडी जिला के करसोग विधानसभा क्षेत्र के सोमकोठी के गौरव कहे जाने वाले 105 वर्षीय भाग चंद ने भी अपने बूथ ठाकुर थाना में पहुंच कर मतदान किया। भाग चंद ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले 1951-52 में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को वोट दिया था। वे अब तक 30 से ज्यादा बार मतदान की प्रक्रिया में भाग ले चुके हैं। उन्होंने सभी से लोकतंत्र को मजबूत करने और मतदान में ज्यादा से ज्यादा भाग लेने का आग्रह भी किया।

Vijay