Hamirpur: व्यास नदी के किनारे अंतिम संस्कार करते समय अचानक बढ़ा जलस्तर, बहने लगी जलती हुई चिता
punjabkesari.in Saturday, Mar 01, 2025 - 12:36 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में कुछ लोग व्यास नदी के किनारे शव का अंतिम संस्कार कर रहे थे तब तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और वहां मौजूद लोग शव का अंतिम संस्कार करते हुए बुरी तरह फंस गए। यह घटना शुक्रवार दोपहर के समय की बताई जा रही है, जब लोग अपनी पारंपरिक प्रक्रिया के तहत शवों का अंतिम संस्कार कर रहे थे। इस दौरान जलस्तर बढ़ने से आसपास के लोग और जलती हुई चिता दोनों ही संकट में पड़ गए। यह घटना किसी व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड की गई और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
भडोली गांव में लोग वर्षों से व्यास नदी के किनारे शवों का अंतिम संस्कार करते हैं, शुक्रवार को भी शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा था तब अचानक तेज बारिश के कारण पानी का जलस्तर बढ़ गया और जलती हुई चिता भी बहने लग पड़ी। इस दौरान स्थिति को देखकर वहां के कुछ ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत ट्रैक्टर का सहारा लिया।
ट्रैक्टर की मदद से शव और लकड़ियों को नदी से बाहर निकाला और फिर सुरक्षित स्थान पर ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया। यह एक तात्कालिक और प्रभावी उपाय था, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी। इस घटना को किसी व्यकि्त ने कैमरे में रिकोर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
वहीं इस बारे में एसडीम नादौन राकेश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर बाद की यह घटना बताई जा रही है। इस बारे में वीडियो के माध्यम से ही प्रशासन को पता चला है, लेकिन इस मामले में पुष्टि नहीं हो पा रही है कि यह अंतिम संस्कार किसका किया जा रहा था, क्योंकि जिस जगह का वीडियो दिख रहा है, वह कांगड़ा जिले की सीमा में आता है। फिर भी इस बात की पड़ताल की जाएगी।