ग्लेशियर में दबे 5 जवानों की तलाश को पहुंचे DRDO के वैज्ञानिक

Thursday, Feb 28, 2019 - 11:21 PM (IST)

रिकांगपिओ/शिमला: किन्नौर जिला के नम्ज्ञा डोगरी नामक स्थान पर ग्लेशियर की चपेट में आए 5 जवानों की तलाश के लिए अब सेना द्वारा डी.आर.डी.ओ. की मदद ली जा रही है। वीरवार को डी.आर.डी.ओ. से आए वैज्ञानिकों का एक विशेष दल घटनास्थल पर पहुंचा। दल के साथ एक खोजी कुत्ता भी था। दल ने मौके पर पहुंच कर आधुनिक उपकरणों सहित डॉग स्क्वायड की मदद से जवानों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना स्थल से बरामद हुआ एक मोबाइल

डी.सी. किन्नौर गोपाल चंद ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि बुधवार को घटना स्थल से एक मोबाइल बरामद हुआ है जोकि नितिन राणा पालमपुर, कांगड़ा का बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से ही आर्मी, आई.टी.बी.पी., ग्रिफ की विशेष टीमों द्वारा सर्च ऑप्रेशन किया जा रहा है। इस दौरान आधुनिक मशीनरी की मदद ली जा रही है।

मौसम भी पैदा कर रहा रुकावट

विशेष टीमों की मदद से किए जा रहे सर्च ऑप्रेशन के दौरान कई बार मौसम भी रुकावट पैदा कर रहा है। बावजूद इसके सर्च ऑप्रेशन जारी है। बता दें कि इस घटना को हुए 9 दिन बीत गए हैं। घटना वाले दिन आर्मी के 6 जवान नगज्ञा डोगरी के पास ग्लेशियर की चपेट में आ गए थे।

Vijay