डॉ. डेजी ठाकुर फिर बनीं महिला आयोग की अध्यक्ष

Saturday, Jan 30, 2021 - 10:18 PM (IST)

शिमला (प्रीति): प्रदेश सरकार ने डॉ. डेजी ठाकुर को एक बार फिर हिमाचल प्रदेश महिला आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति दी है। डेजी ठाकुर को 3 साल के लिए महिला आयोग की अध्यक्ष बनाया गया है। लगातार दूसरी बार आयोग की अध्यक्ष बनने वाली वह पहली महिला होगी। इनका कार्यकाल 16 जनवरी को पूरा हो चुका था, इसके बाद से प्रदेश में महिला आयोग के अध्यक्ष का पद खाली चल रहा था।

बता दें कि डेजी ठाकुर नगर परिषद परवाणु की निर्वाचित पार्षद रही हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद उन्हें 17 जनवरी 2018 को राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष बनाया गया था। अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति 3 वर्षों के लिए हुई थी। बीते 16 जनवरी को उनका कार्यकाल समाप्त हो गया था लेकिन प्रदेश में चुनावी आचार संहिता लागू होने की वजह से उनकी नियुक्ति का मामला लटका हुआ था।

बताया जा रहा है कि शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय से उनकी नियुक्ति की फाइल क्लीयर हो गई है, ऐसे में विभाग इसको लेकर अधिसूचना जारी करेगा। डेजी ठाकुर आगामी 3 साल तक यानी 2024 तक आयोग के अध्यक्ष पद पर रहेंगी। राज्य महिला आयोग अध्यक्ष पद पर रहते हुए डेजी ठाकुर द्वारा सराहनीय कार्य किए हैं। कई मामलों में उन्होंने पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलवाया है।

Vijay