डोर टू डोर गारबेज कलैक्शन योजना से नहीं जुड़ने वालों पर निगम कसेगा शिकंजा, मिलेगी यह सजा

Thursday, Nov 08, 2018 - 04:15 PM (IST)

शिमला (वंदना): राजधानी में डोर टू डोर गारबेज कलैक्शन योजना से नहीं जुड़ने वाले लोगों का नगर निगम बिजली पानी काटने की तैयारी में जुट गया हैं। इसके लिए निगम शहर में ऐसे लोगों का सर्वे कर रहा है जो अब तक इस योजना से नहीं जुड़े है और जो लोग सड़कों के किनारे कूड़ा फैंकते हैं। निगम प्रशासन ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर चुका है। इसके तहत निगम भारी भरकम जुर्माना भी लोगों पर लगाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो लोग अब तक डोर टू डोर गारबेज कलैक्शन योजना से नहीं जुड़े है ऐसे लोगों का बिजली पानी काट दिया जाएगा साथ ही नियमों के तहत पैनल्टी भी लगाई जाएगी। 

निगम ने ऐसे कुछेक परिवारों की लिस्ट तैयार की है जो गारबेज कलैक्टर को कूड़ा नहीं देते है, बल्कि रात के अंधेरे में कूड़े को सड़कों के किनारे या फिर पहाड़ी पर फैंकते है। ऐसे लोगों पर जल्द ही एम.सी कार्रवाई करेगा। निगम प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वह शिमला शहर को साफ व स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग दें। साथ ही कूड़ा गाबरेज कलैक्टर को ही दें, इससे आसपास गंदगी नहीं फैंलेगी। निगम आयुक्त पंकज राय ने ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने के आदेश अधिकारियों को दिए हैं। वह स्वच्छता को लेकर गंभीर हो गया है इसी के तहत लोगों को स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाया जा रहा हैं। 

सी.सी.टी.वी से रखी जा रही नजर
निगम ने राजधानी के कई क्षेत्रों में सी.सी.टी.वी कैमरा स्थापित किए हैं। इससे ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है जो लोग सड़कों पर कूड़ा फैंकते है। शहर के कई कमर्शियल क्षेत्रों में यह कैमरा स्थापित किए है ऐसे में जो लोग कूड़ा डालते हुए कैमरे में कैद होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम कमर्शियन क्षेत्रों हॉट स्पॉट क्षेत्रों में कैमरा लगा दिए है जो भी लोग कैमरे में कूड़ा फैकते हुए पकड़े  जाएंगे उनकी पहचान कर नगर निगम उनका बिजली पानी काट देगा। साथ ही ऐसे लोगों पर नियमों के तहत जुर्माना भी लगाया जाएगा। प्रशासन ने 3 सी.सी.टी.वी कैमरा स्थापित कर दिए है जिससे लोगों की मॉनिटरिंग की जा रही हैं।  

15 हॉट स्पॉट, जहां अधिक होती है गंदगी 
राजधानी में 15 ऐसी लोकेशन है जहां पर लोग अधिक गंदगी फैलाते हैं। ऐसे हॉट स्पॉट पर एम.सी ने अपने कर्मचारी तैनात किए है जो लोगों को गंदगी नहीं फैलाने के प्रति जागरूक कर रहे हैं। बावजूद इसके लोग कूड़ा डालने से बाज नहीं आ रहे हैं ऐसे में निगम प्रशासन ने ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। निगम ने बीते दिनों स्वच्छता सर्वे करवाया था जिसमें इन 15 लोकेशन पर बेहद गंदगी पाई गई थी। ऐसे में निगम ने लोगों पर शिकंजा कसने के लिए सी.सी.टी.अी कैमरा स्थापित कर दिए हैं। 

Ekta