सोलन के डाॅक्टर मनमोहन कोहली को पैराग्वे गणराज्य का सर्वोच्च सम्मान

punjabkesari.in Wednesday, Aug 30, 2023 - 12:04 AM (IST)

सोलन (ब्यूरो): वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक सोलन के डाॅ. मनमोहन कोहली को हाल ही में पैराग्वे गणराज्य का सर्वोच्च सम्मान नैशनल ऑर्डर ऑफ मैरिट इन द ग्रेड ऑफ कोमैंदादोर से सम्मानित किया गया है। यह विशिष्ट सम्मान पैराग्वे गणराज्य के राष्ट्रपति की ओर से दिया गया। यह सर्वोच्च नागरिक और सैन्य सम्मान उन व्यक्तियों को दिया जाता है जो राष्ट्र के उत्थान में अपना उल्लेखनीय योगदान देते हैं। यह सोलन ही नहीं बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है। डा. मनमोहन कोहली अंतर्राष्ट्रीय सलाहकार हैं और कैपेको में उन्होंने राष्ट्रीय गेहूं कार्यक्रम को लीड किया। इसका असर यह हुआ कि जो पैराग्वे गणराज्य एक दशक पहले गेहूं आयात करता था, अब वह एक करोड़ डॉलर से अधिक का गेहूं प्रतिवर्ष निर्यात कर रहा है। उन्होंने पैराग्वे गणराज्य में हरित क्रांति लाई है। उन्हें देश में फादर ऑफ व्हीट (गेहूं का पिता) कहा जाता है।

सोलन के ब्वायज स्कूल से की मैट्रिक
डाॅ. कोहली ने अपनी 10वीं तक की पढ़ाई ब्वायज सीनियर सैकेंडरी स्कूल सोलन से वर्ष 1960 में पूरी की। उसके बाद राजस्थान के उदयपुर कालेज से कृषि विज्ञान में स्नातक डिग्री और इसके बाद भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) दिल्ली से मास्टर डिग्री व पीएचडी की डिग्री हासिल की। डा. कोहली ने अपने व्यापक कार्य और समर्पण के माध्यम से खुद को पैराग्वे में एक महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में स्थापित किया है। पिछले 3 दशकों में उन्होंने 20 से अधिक विशिष्ट राष्ट्रीय गेहूं किस्मों के निर्माण और उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 

विभाजन के बाद परिवार आया था सोलन
भारत-पाक विभाजन के बाद उनका परिवार भारत आ गया और सोलन शहर में बसा। डाॅ. मनमोहन कोहली सोलन के पैलेस रोड निवासी हैं और साल में एक बार सोलन अपने घर जरूर आते हैं। उनके भतीजे संजय कोहली ने भी अपने चाचा की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। 79 वर्षीय वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डाॅ मनमोहन कोहली ने बताया कि यह यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो 5 या 7 वर्ष में किसी एक व्यक्ति को दिया जाता है। उनके परिवार में उनकी पत्नी मारिया टैरेसा, बेटा अमित लंदन में इंजीनियर हैं और बेटी आरती अमरीका में मनोचिकित्सक पद पर अपनी सेवाएं दे रही हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News