IGMC सहित प्रदेश के अस्पतालों में बढ़ेंगी मरीजों की मुश्किलें, फंड न देने पर कंपनी ने दिया ये अल्टीमेटम

Tuesday, Jan 09, 2024 - 11:36 PM (IST)

शिमला (राजेश): आईजीएमसी सहित प्रदेश के अस्पतालों में मरीजों की आज यानी बुधवार से परेशानियां बढ़ सकती हैं। प्रदेश सरकार की ओर से अधिकृत क्रस्ना लैब ने पैथोलॉजी के टैस्ट व एक्स-रे बन्द करने का अल्टीमेटम दे दिया है। इसके लिए कंपनी पदाधिकारियों की ओर से एनएचएम के मिशन निदेशक को लिखित में पत्र दिया है। पत्र में कहा है कि लंबे समय से उनका भुगतान नहीं हो रहा है। राज्य के दो जिलों लाहौल-स्पीति व किन्नौर के लिए नवम्बर तक का भुगतान हुआ है। इन दोनों ही जिलों में ये सेवाएं जारी रहेंगी। इसके अलावा राज्य के किसी भी जिले में यह सेवाएं जारी नहीं रहेंगी। आईजीएमसी, रिपन अस्पताल से लेकर प्रदेश भर के सभी अस्पतालों में हजारों लोग रोजाना क्रस्ना लैब के तहत होते हैं। पैथोलॉजी के साथ एक्स-रे भी बंद हो जाएंगे। इन दोनों ही सेवाओं को बंद करने का फैसला लिया है। इसकी लिखित तौर पर भी प्रति एनएचएम को दी है। इसमें आरोप है कि पिछले लंबे समय से इन्हें इसके पैसे नहीं मिले हैं। अधिकारियों को यह तक कह दिया गया है कि एक्स-रे का भुगतान न किया जाए। इससे लैब प्रबंधन ने सीधे तौर पर सेवाएं बंद करने का फैसला ले लिया है।

जब तक नहीं होता भुगतान, नहीं शुरू होंगी सेवाएं
अधिकारियों के अनुसार बुधवार से इस पर अमल किया जाएगा। इसे तब तक इसे लागू रखा जाएगा जब तक इनका भुगतान नहीं किया जाता है। वहीं एनएचएम की मिशन निदेशक प्रियंका वर्मा ने कहा कि कंपनी के साथ कुछ मामले तो लंबित हैं, सेवाएं बंद करने की कंपनी ने जानकारी नहीं दी है। कंपनी के साथ बात कर मामले सुलझा लिए जाएंगे।

34.71 लाख से ज्यादा राशि लंबित
इस पूरे मामले में 34.71 लाख से ज्यादा की राशि देय है। कंपनी के पदाधिकारियों का दावा है कि लगातार पिछले 5 महीने से एनएचएम के अधिकारियों से पत्राचार किया जा रहा है। वे भुगतान की बजाय मामले को टाल रहे हैं। इस कारण अब लैब प्रबंधन के लिए भी बिना किसी पेमैंट के इसे चलाना संभव नहीं है। इसलिए सेवाओं को बुधवार से स्थगित करने का फैसला लिया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay