अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ा, क्वारंटाइन में रह रही थी महिला

Monday, May 18, 2020 - 01:35 PM (IST)

मंडी : हिमाचल प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हालांकि राहत खबर यह भी है कि लोग ठीक भी होते जा रहे हैं। कोरोना स ेअब तक प्रदेश में तीन मौत हो चुकी है। सोमवार को एक बुरी खबर प्रदेश में मंडी से आ रही है। यहां पर चार दिन पहले दिल्ली से वापिस अपने घर आई महिला की मौत हो गई। यह महिला कटिंडी पंचायत द्वारा बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रह रही थी। सोमवार को महिला की तबीयत अचानक से खराब हो गई। महिला को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। महिला को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जब एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज पहुंची तो वहां उपस्थित डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। 

कोरोना की संभावना को ध्यान में रखते हुए उक्त महिला का सैंपल लेकर उसे जांच के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल शव को मेडिकल कॉलेज में रखा गया है। अब सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही इसे परिजनों के हवाले किया जाएगा। महिला कुल्लू जिला की रहने वाली बताई जा रही है। वह हाल ही में दिल्ली से अपने मायके आई थी। महिला का मायका कटिंडी पंचायत में बताया जा रहा है और वह यहां पर क्वारंटाइन सेंटर में रह रही थी। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने महिला की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए कोरोना जांच के लिए सैंपल भेज दिया गया है। उसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
 

Edited By

prashant sharma