वीरभद्र सरकार के निशाने पर धूमल परिवार, पंजाब सरकार से मांगा संपत्तियों का ब्यौरा

Thursday, Mar 23, 2017 - 11:57 PM (IST)

शिमला: पंजाब में कैप्टन ‘राज’ स्थापित होते ही हिमाचल सरकार भी एक्शन में आ गई है। राज्य की वीरभद्र सरकार के निशाने पर फिर से धूमल परिवार आया है। सूत्रों के अनुसार विजीलैंस के माध्यम से इस परिवार पर शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है। चुनावी समय में इसके सियासी नफे-नुक्सान से बेपरवाह सरकार ने पंजाब सरकार के साथ प्रॉपर्टी का ब्यौरा देने का मामला उठाया है। इसे विजीलैंस की एस.आई.यू. ने गृह विभाग के जरिए उठाया है। पंजाब सरकार से कहा गया है कि वह पंजाब में धूमल परिवार की संपत्तियों की जानकारी दे। हालांकि इस मामले में विजीलैंस के कोई भी अफसर आधिकारिक बयान देने को तैयार नहीं हैं। 

 हिमाचली सियासत के 2 सूरमा आमने-सामने
अब प्रॉपर्टी के बहाने हिमाचल की सियासत के 2 सूरमा सी.एम. वीरभद्र सिंह और पूर्व सी.एम. प्रेम कुमार धूमल एक बार फिर से आमने-सामने आ सकते हैं। पहले भी इनके बीच सियासी टकराव होता रहा है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल एवं उनके परिवार की कथित संपत्तियों की विजीलैंस ने इंक्वायरी तेज कर दी है। अब तक खाली हाथ रही जांच एजैंसी को सरकार की ओर से ताजा निर्देश जारी किए गए। इसके आधार पर विजीलैंस हरकत में आई है।

सरकार बड़ा सियासी धमाका करने की फिराक मे
विजीलैंस ने गृह विभाग के माध्यम से पंजाब सरकार को पत्र लिखा है। सूत्रों के अनुसार इसमें धूमल परिवार की पंजाब में कथित संपत्तियों का ब्यौरा मांगा गया है। पंजाब में सत्ता परिवर्तन हुआ है, ऐसे में राज्य सरकार को उम्मीद है कि अब पंजाब सरकार सहयोग करेगी। पहले भी जांच एजैंसी ने इस मुद्दे को वहां की सरकार के साथ उठाया था, कई बार पत्र लिखे पर उचित जवाब नहीं आया। प्रॉपर्टी के बहाने सरकार बड़ा सियासी धमाका करने की फिराक में है।   

धूमल ने मोदी को लिखा था पत्र
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल बेहिसाब संपत्ति एकत्र करने के आरोपों को बेबुनियाद करार देते रहे हैं। उन्होंने कहा था कि उन्होंने प्रदेश और प्रदेश से बाहर के राज्यों में गैर-कानूनी तरीके से कोई भी प्रॉपर्टी नहीं जुटाई। उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पत्र लिख कर संपत्ति की जांच देश की सर्वोच्च जांच एजैंसी से करवाने का आग्रह किया था। धूमल ने आरोप लगाया था कि राज्य सरकार पुलिस तंत्र का इस्तेमाल अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कर रही है। उन्होंने ऐलान किया था कि अगर उनके परिवार के पास आय से अधिक संपत्ति निकली तो सरकार इसे टेकओवर करे।