धोनी ने कार्ड ट्रैप कर की 2 रुपए से लेकर 2 लाख की पेमैंट (Video)
punjabkesari.in Friday, Aug 31, 2018 - 11:25 AM (IST)

शिमला: पहाड़ों की रानी शिमला में विज्ञापन की शूटिंग का सिलसिला वीरवार को भी जारी रहा। इस दौरान रिज मैदान के बुक कैफे सहित साथ लगते निजी आवास में विज्ञापन की शूटिंग की गई। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सहित अभिनेता पंकज कपूर व एक अन्य व्यक्ति पर भी इस दौरान कई दृश्य फिल्माए गए। एक दृश्य में धोनी ने पीजा ऑर्डर किया और मास्टर कार्ड को ट्रैप कर इसकी पेमैंट कर दी। इसके साथ ही अन्य दृश्य में महेंद्र सिंह धोनी व पंकज कपूर ने घर बैठे-बैठे पहले देश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की जानकारी ली। इसके बाद स्थान का चयन कर ऑनलाइन होटल बुकिंग की। इस दौरान होटल बुकिंग के लिए कार्ड ट्रैप कर धोनी ने एडवांस पेमैंट भी कर दी।
प्रशंसक के पूछने पर धोनी ने की स्माइल, बोले-अच्छा लगा शिमला
धोनी ने इस दौरान 2 रुपए से लेकर 2 लाख तक की पेमैंट मास्टर कार्ड को टे्रपिंग कर अदा की। कैशलैश पेमैंट के प्रचलन को बढ़ाने के लिए धोनी इन दिनों विज्ञापन शूटिंग में व्यस्त हैं। वह 4 दिनों के शिमला प्रवास पर हैं। वीरवार को राजधानी शिमला के लिए मशोबरा से अपने निजी वाहन से वह सीधे रिज मैदान पर पहुंचे। धोनी ने राजधानी में पहुंच कर सभी नियमों व कायदे-कानूनों का पालन किया और इस दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई हिदायतों का भी पालन किया। प्रशंसकों ने चलते-चलते धोनी से जब पूछा की धोनी जी शिमला कैसा लगा तो धोनी ने एकदम हाजिर जवाब होकर कहा, अच्छा लगा।
निजी चौपर से दिल्ली लौटेंगे धोनी
चार दिन तक विज्ञापन की शूटिंग करने के बाद आज धोनी वापस दिल्ली लौट जाएंगे। जुब्बड़हट्टी हवाई पट्टी से अपने निजी चौपर से वह सीधे दिल्ली जाएंगे। महेंद्र सिंह धोनी के शिमला आने पर उनके प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब दिखे। धोनी से ऑटोग्राफ की चाह में कई प्रशंसक दिनभर शूटिंग कार्यक्रम स्थल पर उनका इंतजार करते दिखे।
परिवार सहित घूमने निकले धोनी
विज्ञापन की शूटिंग के लिए राजधानी पहुंची दिल्ली की टीम ने 3 दिनों के बाद वीरवार को अपना पूरा सामान समेट लिया। देर शाम 4 बजे तक शूटिंग का सिलसिला जारी रहा। इसके बाद धोनी सीधे मशोबरा के लिए निकल गए। मिली जानकारी के अनुसार धोनी इसके बाद पत्नी साक्षी व बेटी जीवा के साथ कुफरी की हरी भरी वादियों में घूमने निकले।