धर्मचंद चौधरी फिर बने प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश

Saturday, Sep 21, 2019 - 02:41 PM (IST)

शिमला (मनोहर) : वरिष्ठतम न्यायाधीश धर्म चंद चौधरी प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश होंगें। उन्हें प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश वी रामासुब्रमनियन की सर्वोच्च न्यायालय  के न्यायाधीश के तौर पर नियुक्ति के पश्चात् केंद्रीय कानून मंत्रालय द्वारा प्रदेश हाई कोर्ट का कार्यवाहक  मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इन्हें दूसरी मर्तबा हाई कोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। इससे पहले हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त किए जाने पर भी इन्हें कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था। 

यह संयोग का ही विषय है कि इसी वर्ष प्रदेश उच्च न्यायालय के दो मुख्य न्यायाधीश सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश बनाए गए हैं। प्रदेश हाईकोर्ट के कई मुख्य न्यायाधीश व न्यायाधीश सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश बनाये गए है। अगर यह कहा जाए कि प्रदेश हाई कोर्ट के न्यायाधीशों की देश की शीर्ष अदालत में अहम भूमिका रही है तो यह अतिशयोक्ति नहीं होगी। इनसे पहले प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एएम खानविलकर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट स्थानांतरित करने के पश्चात सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर कार्य कर रहे हैं। 

इनसे पहले हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश कुरियन जोसेफ सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश रहने के पश्चात सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इनसे पहले हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश सी के ठक्कर मुंबई हाई कोर्ट स्थानांतरित होने के पश्चात सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश रह चुके हैं। पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी राजू व एम.एन. श्रीनिवासन सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश रह चुके हैं। पूर्व मुख्य न्यायाधीश एस एन फुकन को उड़ीसा हाई कोर्ट स्थानांतरित करने के पश्चात सर्वोच्च न्यायालय का न्यायाधीश बनाया गया था। पूर्व मुख्य न्यायाधीश एन एम कासलीवाल सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश रह चुके हैं।

Edited By

Simpy Khanna