Kangra: होटल का लग्जरी पूल छोड़ मनूनी खड्ड पहुंचे यशस्वी और नीतीश
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 10:18 PM (IST)
धर्मशाला (सुनील समियाल): भारत-अफगानिस्तान वनडे मुकाबले के लिए धर्मशाला पहुंचे भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सितारे यशस्वी जायसवाल और नीतीश कुमार रेड्डी पांच सितारा होटल की सुविधाओं को छोड़ खनियारा के समीप स्थित मनूनी खड्ड की प्राकृतिक वादियों में पहुंच गए। हालांकि खराब मौसम और खड्ड में तेज उफान के कारण दोनों खिलाड़ी पानी में नहीं उतर सके, लेकिन उन्होंने नेचर पार्क कैफे में बैठकर चाय और पहाड़ी मैगी का आनंद लिया। जानकारी के अनुसार दोनों खिलाड़ी अपने मित्र एवं राष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी रमन तथा एनआईएस कोच से मिलने भी पहुंचे।
रमन ने बताया कि धर्मशाला पहुंचते ही खिलाड़ियों ने उनसे संपर्क किया और शांत वातावरण में समय बिताने की इच्छा जताई। धौलाधार की वादियों, झरनों और हरियाली के बीच खिलाड़ियों ने काफी समय बिताया तथा कई यादगार तस्वीरें भी खींचीं। रिमझिम बारिश के बीच जब स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने उन्हें देखा तो उनके सरल और सहज व्यवहार की सराहना की।

