Kangra: मांझी खड्ड के नैचुरल पूल में उतरे टीम इंडिया के सितारे

punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 10:45 PM (IST)

धर्मशाला (सुनील): भारत-अफगानिस्तान वनडे मुकाबले में जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने धर्मशाला की प्राकृतिक वादियों में सुकून के पल बिताए। शनिवार को एचपीसीए स्टेडियम में निर्धारित अभ्यास सत्र रद्द होने के बाद टीम के कई खिलाड़ी खनियारा के पास स्थित मांझी खड्ड में पहुंच गए, जहां उन्होंने बर्फीले पानी में डुबकी लगाकर प्रकृति का आनंद लिया। युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह और नीतीश कुमार रेड्डी सहित अन्य खिलाड़ियों ने धौलाधार से बहकर आने वाले ठंडे और स्वच्छ पानी में समय बिताया। खिलाड़ियों ने खड्ड में बने प्राकृतिक पूल में तैराकी की और यादगार तस्वीरें भी खिंचवाईं, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।

खिलाड़ियों ने फाइव स्टार होटल की सुविधाओं को छोड़कर प्राकृतिक जलस्रोत का रुख किया। धौलाधार की गोद में स्थित मांझी खड्ड का शांत वातावरण और ठंडा पानी खिलाड़ियों को खूब भाया। इस दौरान उन्होंने पहाड़ों के बीच प्रकृति के करीब रहकर खुद को तरोताजा किया। उधर, टीम के कुछ अन्य सदस्यों ने मैक्लोडगंज, धर्मकोट और भागसूनाग का दौरा किया। उन्होंने यहां की वादियों में सैर कर शुद्ध वातावरण और स्थानीय संस्कृति का आनंद लिया। क्रिकेट जगत में धर्मशाला लंबे समय से खिलाड़ियों की पसंदीदा जगह रही है। बड़े मुकाबलों के बीच यहां की शांत वादियां और प्राकृतिक सौंदर्य खिलाड़ियों को तनाव से दूर रखने में मदद करता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News