Kangra: धौलाधार पर हल्की बर्फबारी व मैक्लोडगंज में ओलावृष्टि से बढ़ी ठिठुरन

punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 05:52 PM (IST)

धर्मशाला (सुनील): वीकैंड के चलते रविवार को पर्यटन नगरी धर्मशाला और इसके आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बाहरी राज्यों से आए सैलानियों की खासी चहल-पहल और भीड़ देखने को मिली। दिनभर धर्मशाला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज और शहीद स्मारक में पर्यटकों ने सुहावने मौसम और धौलाधार की खूबसूरत वादियों का जमकर आनंद उठाया, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ले ली, जिससे पूरे इलाके में ठंड का प्रकोप बढ़ गया। दोपहर के समय धौलाधार की ऊंची पहाड़ियों पर ताजा हल्की बर्फबारी हुई, जबकि शाम करीब 4 बजे मैक्लोडगंज और धर्मशाला सहित आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी दर्ज की गई।

इस दौरान मैक्लोडगंज में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट आ गई और शाम होते-होते स्थानीय लोगों व पर्यटकों को एक बार फिर गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर होना पड़ा। वहीं, पर्यटन नगरी में आज से विधिवत रूप से विंटर सीजन की शुरूआत होने और सैलानियों की बढ़ती आमद से होटल व्यवसायियों, टैक्सी चालकों व स्थानीय दुकानदारों के चेहरों पर रौनक लौट आई है और उन्हें आने वाले दिनों में बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News