धर्मशाला MC ने पास किया 138 करोड़ का Tax Free Budget

Tuesday, Feb 28, 2017 - 07:54 PM (IST)

धर्मशाला: नगर निगम धर्मशाला ने वर्ष 2017-18 के लिए अपना पहला बजट मंगलवार को पारित किया। 138 करोड़ रुपए के पास किए गए इस बजट में किसी भी तरह का कोई टैक्स नहीं लगाया गया है। इसके अलावा नगर निगम धर्मशाला को संवारने के लिए करोड़ों रुपए की विभिन्न योजनाएं शुरू करने का प्रस्ताव भी बिना किसी हो-हल्ले के पारित किया गया है। नगर निगम के पारित बजट में विभिन्न वार्डों के कार्यों को पार्षदों की प्राथमिकता में डाला गया है। इसके अतिरिक्त सड़कों, गलियों में सुधार सहित स्वच्छता पर बजट में विशेष ध्यान दिया गया है। नगर निगम के बजट में विभिन्न संसाधनों से 15 करोड़ 85 लाख 80 हजार रुपए की आय दर्शाई गई है।

मर्ज किए ग्रामीण क्षेत्र टैक्स की परिधि से दूर
नगर निगम की महापौर रजनी ब्यास और उपमहापौर देवेंद्र जग्गी द्वारा नगर निगम धर्मशाला के पहले बजट को टैक्स फ्री रखा गया है। बजट के अनुसार नगर निगम धर्मशाला में मर्ज किए गए ग्रामीण क्षेत्र जहां टैक्स की परिधि से दूर हैं, वहीं नगर निगम के पुराने क्षेत्रों के लिए भी कोई नया टैक्स नहीं है बल्कि उन्हें अधिक से अधिक सुविधाएं देने का प्रयास किया गया है। नगर निगम धर्मशाला द्वारा पेश किए गए 1,38,33,42,441 करोड़ रुपए के बजट के दौरान 1,35,72,24,647 करोड़ रुपए को खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है। इस बजट के तहत नगर निगम धर्मशाला में कई योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा, वहीं कई बंद पड़ी योजनाओं को भी पंख लगेंगे।

यहां से प्राप्त होगी आय
-टैक्स के रूप में 4 करोड़।
-एसाइंड रेवेन्यूस एंड कम्पनसेशन से 8 करोड़ 35 लाख।
-नगर निगम की संपत्तियों के किराए के रूप में 1 करोड़ 50 लाख 25 हजार।
-फीस और यूजर चार्जिज से 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार।
-सेल एंड हॉयर चार्जिस से 6 लाख 95 हजार।
-नगर निगम द्वारा किए गए निवेश से 80 लाख रुपए की प्रस्तावित आय दर्शाई गई। 

प्रॉपर्टी टैक्स में लाभ बढ़ेगा, टैक्स नहीं
नगर निगम द्वारा प्रस्तावित बजट के अनुसार निगम क्षेत्र में प्रॉपर्टी टैक्स बढ़कर 4 करोड़ हो जाएगा। प्रॉपर्टी टैक्स के लिए नगर निगम द्वारा सर्वे करवाया जा रहा है, जोकि अंतिम चरण में है। इसके आधार पर नगर निगम ने प्रापर्टी टैक्स के रूप में 4 करोड़ रुपए की आय अर्जित की जाएगी जबकि पूर्व में यह आय 2 करोड़ थी। बताया जा रहा है कि नगर निगम ने ऐसी व्यवस्था की है कि नगर निगम का लाभ तो बढ़ेगा लेकिन टैक्स नहीं बढ़ाया जाएगा। प्रापर्टी टैक्स में समानता लाने का भी प्रयास नगर निगम करने की बात कह रही है। 

सीवरेज प्रणाली से जुड़ेंगे मर्ज एरिया
नगर निगम धर्मशाला द्वारा पारित किए गए 138 करोड़ के बजट में सीवरेज प्रणाली को और सुदृढ़ किया जाएगा। बजट में प्रस्ताव पारित किया गया है कि नगर निगम धर्मशाला में मर्ज हुए ग्रामीण क्षेत्रों में भी सीवरेज प्रणाली को पहुंचाया जाएगा। जानकारी के अनुसार सीवरेज के इस कार्य को आई.पी.एच. विभाग द्वारा करवाया जाएगा। इस कार्य के पेश किए गए बजट में 25 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

सिद्धबाड़ी में बनेगा अंतर्राष्ट्रीय इंडोर स्टेडियम
नगर निगम धर्मशाला में खेलों को बढ़ावा देने के लिए वार्ड नंबर-17 सिद्धबाड़ी में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। इस इंडोर स्टेडियम में क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रयास किए जाएंगे। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय इंडोर स्टेडियम में खिलाडिय़ों को हर मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। 

8 करोड़ की नई डंपिंग साइट
नगर निगम धर्मशाला से एकत्रित होने वाले कूड़े-कचरे को सुनियोजित तरीके से ठिकाने लगाने के लिए 8 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नगर निगम के 17 वार्डों से एकत्रित होने वाले कचरे को संयंत्रित करने के लिए 8 करोड़ रुपए खर्च करके डंपिंग साइट का निर्माण किया जाएगा, जहां पर कचरे को सुनियोजित तरीके से ठिकाने लगाया जाएगा। यह पैसा स्व'छ भारत मिशन अभियान के तहत खर्च कर अत्याधुनिक ट्रीटमेंट प्लांट तैयार किया जाएगा। 

दाड़ी में अत्याधुनिक स्विमिंग पूल
नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर-13 दाड़ी में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस स्विमिंग पूल का निर्माण करवाने का प्रस्ताव मंगलवार को पास किए गए बजट में पारित हुआ है। इस बजट के अनुसार मेला ग्राऊंड दाड़ी के साथ लगती बाबडिय़ों के पानी को इस्तेमाल कर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस स्विमिंग पूल का निर्माण किया जाएगा ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। दाड़ी में बनने वाले इस स्विमिंग पूल पर करीब 5 करोड़ रुपए खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है। 

200 लोगों का कौशल विकास करने का लक्ष्य
मेयर रजनी तथा डिप्टी मेयर देवेंद्र जग्गी द्वारा पेश किए गए 138 करोड़ रुपए के बजट में स्किल डिवैल्पमैंट के तहत 200 के करीब युवाओं को जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत नगर निगम धर्मशाला के तहत आने वाले जरूरतमंद 200 लोगों का चयन कर उन्हें स्किल डिवैल्पमैंट की ट्रेनिंग मुहैया करवाई जाएगी ताकि वे अपनी तथा अपने परिवार की आर्थिकी को मजबूत कर सकें। 

हर वार्ड होगा रोशन
नगर निगम धर्मशाला द्वारा पेश किए गए पहले बजट के अनुसार निगम के तहत आने वाले 17 वार्डों की हर गली-मोहल्ले को रोशनी से चकाचक किया जाएगा। बजट में हर वार्ड में नई स्ट्रीट लाइटें लगाने का प्रावधान करने के लिए प्रस्ताव पारित किया है। इस प्रस्ताव के अनुसार नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा बजट में नगर निगम के हर वार्ड में नए पार्क बनाने के लिए भी धन का प्रावधान किया गया है।

नए एग्रीमैंट बनाएगा एम.सी.
निगम के तहत आने वाली दुकानों के नए एग्रीमैंट एम.सी. द्वारा बनाए जाएंगे। जिन दुकानदारों के एग्रीमैंट खत्म हो चुके हैं, उनके नए सिरे से एग्रीमेंट बनेंगे तथा उन्हें उसी हिसाब से उन दुकानों का मासिक किराया देना होगा। 

रेहड़ी-फड़ी वालों को बसाएगा निगम
शहर में रेहड़ी-फड़ी लगा कर अपना गुजारा कर रहे छोटे व्यापारियों के लिए नगर निगम धर्मशाला ने बजट में प्रस्ताव पास किया है। इस प्रस्ताव के तहत 90 लाख रुपए शहरी आजीविका योजना के तहत खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 1 करोड़ रुपए हिमुडा को उक्त व्यापारियों के उत्थान के लिए जारी किए जा चुके हैं। 

नगर निगम ऑफिस के लिए 25 करोड़
नगर निगम धर्मशाला के कार्यालय के लिए बजट में 25 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वर्तमान में नगर निगम कार्यालय पुराने नगर परिषद कार्यालय में चल रहा है, जबकि मेयर व डिप्टी मेयर के बैठने की व्यवस्था चरान स्थित सब्जी मंडी की ऊपरी मंजिल में की गई है। नगर निगम ने बजट नए भवन के लिए 25 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।

हितों को रखा ध्यान में : रजनी
नगर निगम धर्मशाला का पहला बजट पेश कर रहीं मेयर रजनी ब्यास ने कहा कि बजट में सभी के हितों को ध्यान में रखा है। बजट में स्वच्छता, गलियों व सड़कों को प्राथमिकता दी गई है। इसके अतिरिक्त नगर पार्षदों द्वारा दिए गए कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर बजट में शामिल किया गया है। बजट में कई योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं, जिन्हें मूर्तरूप प्रदान कर धर्मशाला को स्वच्छ व सुंदर शहर बनाया जाएगा।

पूरी तरह से टैक्स फ्री है बजट: जग्गी
नगर निगम ने अपना पहला ही बजट टैक्स फ्री पेश किया है। इस बजट की प्रस्तावित योजनाओं से शहर के विकास कार्यों में तेजी जाएगी। प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में नगर निगम की आय तो बढ़ेगी, लेकिन टैक्स नहीं बढ़ेगा। यह बात नगर निगम के डिप्टी मेयर देवेंद्र जग्गी ने कही। उन्होंने कहा कि नई योजना के तहत प्रॉपर्टी टैक्स से आय 2 से 4 करोड़ हो जाएगी, लेकिन टैक्स को पहले जैसा रखा जाएगा।

बजट अच्छा पर अमल हो तो : सर्वचंद
भाजपा समर्थित पार्षद सर्वचंद ने कहा कि नगर निगम धर्मशाला द्वारा पेश किया गया पहला बजट बहुत अच्छा है। यह बजट और भी बढिय़ा हो सकता है अगर इसमें दर्शाई गई योजनाओं को पूरी तरह से सिरे चढ़ाया जाए तथा योजनाओं को पूरी तरह से अमलीजामा पहनाया जाए। उन्होंने कहा कि अगर बजट में की गई घोषणाओं को पूरी तरह अमलीजामा पहनाया जाए तो एक अच्छा बजट साबित होगा।

4 पार्षद नहीं हुए उपस्थित
नगर निगम धर्मशाला के पहले बजट के दौरान निगम के 4 पार्षदों ने अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करवाई। इस दौरान वार्ड नंबर-12 बड़ोल से स्वर्णा देवी, वार्ड नंबर-13 दाड़ी से सविता कार्की, वार्ड 17 सिद्धबाड़ी से विशाल जम्वाल शामिल हैं। इसके अलावा एक अन्य मनोनीत पार्षद संदीप बैंस ने भी बजट के दौरान अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करवाई।