Kangra: क्या जयराम इतने कमजोर हो गए हैं कि अब अपनी ही पार्टी की लाइन तोड़नी पड़ी : जग्गी

punjabkesari.in Monday, Nov 03, 2025 - 09:33 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): कांग्रेस नेता व धर्मशाला नगर निगम के पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह प्रकाशित हुआ है कि भाजपा के कुछ नेता बीते शुक्रवार की रात को धर्मशाला में एक ऐसे व्यक्ति के घर पर एकत्रित हुए, जो हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुआ है और वहां राज्य सरकार के खिलाफ रणनीति बनाने की चर्चा हुई। अगर ये रिपोर्ट्स सत्य हैं तो यह घटना राजनीतिक अनुशासन का खुला उल्लंघन है। किसी के निजी घर में बैठकर सरकार को अस्थिर करने की साजिश रचना, किसी जिम्मेदार विपक्ष या उसके नेता को शोभा नहीं देता।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद होना स्वाभाविक है, पर ये मतभेद मर्यादा और नैतिकता की सीमाओं में रहकर ही सार्थक होते हैं। जग्गी ने कहा कि क्या नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर इतने कमजोर हो गए हैं कि अब उन्हें अपनी ही पार्टी लाइन तोड़कर इस तरह की गुप्त बैठकों में शामिल होना पड़ रहा है? उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस से गद्दारी कर भाजपा में शामिल हुए सुधीर शर्मा क्या आज भाजपा के चाणक्य बन गए हैं कि उनके घर में चोरी-छिपे कुछ नेताओं को लाकर रणनीतियां बनाई जा रही हैं। यह सवाल सिर्फ कांग्रेस का नहीं, बल्कि हिमाचल के हर जिम्मेदार नागरिक का है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस सरकार मजबूत है, स्थिर है और जनता के भरोसे के साथ कार्यरत है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार ने संसाधनों के प्रभावी उपयोग और योजनाओं के ईमानदार क्रियान्वयन के माध्यम से प्रदेश को नई दिशा दी है। परिणाम आने में समय लग सकता है, लेकिन दिशा सही है और नीयत पूरी तरह साफ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News