Kangra: तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने 15 ट्रेडों में डिप्लोमा कोर्स के लिए मांगे आवेदन
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 11:37 PM (IST)
धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने 15 ट्रेडों में डिप्लोमा कोर्स करवाने के लिए आवेदन मांगे हैं। यह आवेदन प्रदेशभर में चल रहे 17 सरकारी और 8 निजी बहुतकनीकी संस्थानों के लिए मांगे गए हैं। बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा (पैट) के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 मई, जबकि 2 वर्षीय डिप्लोमा (लीट) के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 मई रखी गई है। इन कोर्सों के लिए यह आवेदन ऑनलाइन माध्यम से भरे जाएंगे। इस संदर्भ में सारी जानकारी तकनीकी शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी प्रोस्पैक्ट्स पर उपलब्ध करवाई गई है। डिप्लोमा स्तर पर इंजीनियरिंग और गैर इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों के लिए इस समय 17 राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, एक एमएसएमई टैक्नोलॉजी केंद्र और 8 निजी बहुतकनीकी संस्थान संचालित हो रहे हैं।
बढ़ती मांग को देखते हुए कुछ संस्थानों में द्वितीय शिफ्ट में भी कक्षाएं चलाई जा रही हैं, जिससे अधिक विद्यार्थियों को अवसर मिल सके। डिप्लोमा फार्मेसी की पढ़ाई के लिए प्रदेश में 2 सरकारी और 19 निजी संस्थान प्रशिक्षण उपलब्ध हैं। तकनीकी शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों में कुल 15 ट्रेड शामिल हैं। अधिकांश डिप्लोमा कोर्स सैमेस्टर प्रणाली के तहत तीन वर्ष की अवधि के हैं, जबकि डिप्लोमा फार्मेसी को वार्षिक प्रणाली के अंतर्गत 2 वर्ष का रखा गया है। तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव अशोक पाठक का कहना है कि कोर्सों के संबंध में पूरी जानकारी प्रोस्पैक्ट पर उपलब्ध करवाई गई है।

