मनाली के धर्म चंद ठाकुर को सामाजिक कार्य के लिए मिला राष्ट्रपति पुरस्कार
punjabkesari.in Saturday, Sep 24, 2022 - 05:25 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा हर वर्ष 46 लाख स्वयंसेवकों व कार्यक्रम अधिकारियों में से सामाजिक कार्य के लिए 30 स्वयंसेवकों व 10 कार्यक्रम अधिकारियों को पुरस्कार दिया जाता है। इस वर्ष हिमाचल प्रदेश से राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मनाली से राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी धर्म चंद ठाकुर का चयन हुआ है। उन्हें शनिवार को यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन में प्रधान किया गया। पुरस्कार में भारत सरकार द्वारा प्रशस्ति पत्र, रजत पदक व 150000 रुपए की प्रोत्साहन राशि के साथ-साथ राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई विद्यालय को 200000 रुपए की राशि दी जाती है।
धर्म चंद ठाकुर का शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक कार्य को प्रदेश में बढ़ावा देने में योगदान रहा है। धर्म चंद ठाकुर का अपने विद्यार्थियों के साथ कोरोना काल में स्वयं द्वारा बनाए गए मास्कों को मनाली विधानसभा के गांव-गांव में वितरित करने में योगदान रहा है, साथ ही प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री राहत कोष में धन एकत्रित कर दान दिया। प्रधानमंत्री व सरकार की योजनाओं को गांव-गांव में लोगों तक पहुंचाना, पौधारोपण, रक्तदान शिविर व जागरूकता शिविर लगाने में भी उनका योगदान रहा। धर्म चंद को पुरस्कार मिलने से चारों तरफ खुशी का माहौल है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here