हिमाचल में न अपराध दब सकता है और न ही अपराधी बच सकता है : संजय कुंडू
punjabkesari.in Saturday, Apr 09, 2022 - 11:58 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): हिमाचल में न अपराध दब सकता है और न ही अपराधी अपराध करके बच सकता है। चाहे टाहलीवाल पटाखा फैक्टरी में विस्फोट मामला हो, चाहे सुंदरनगर जहरीली शराब कांड का मामला हो या अन्य जघन्य अपराध, हिमाचल पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची है और आरोपियों को देश के कोने-कोने से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पटाखा फैक्टरी विस्फोट में तो आरोपियों ने कोर्ट से अंतरिम जमानत ले ली थी लेकिन पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर बेल को रिजैक्ट करवाया था। यह बात पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने कही।
पुलिस थाना अम्ब में पत्रकारवार्ता में डीजीपी ने कहा कि अम्ब में लड़की की निर्मम हत्या के मामले की गुत्थी को भी पुलिस ने मात्र 48 घंटे में सुलझाकर बड़ी कामयाबी हासिल की है और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी रिमांड पर है और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर जल्द से जल्द चार्जशीट तैयार करके चालान कोर्ट में पेश करेगी ताकि उसे जल्द से जल्द सजा की कगार तक पहुंचाया जा सके। पुलिस आरोपी के बैकग्राऊंड की भी जांच-पड़ताल कर रही है क्योंकि वह पूर्व में चंडीगढ़ में एक निजी बैंक शाखा में काम करता था और कोविड-19 के दौर में घर आया था।
डीजीपी ने लोगों से अपील की है कि वे घर पर काम करने वाले लोगों (प्लम्बर, विद्युत का काम करने वाले आदि) के चरित्र की पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद ही घरों में एंट्री दें। उन्होंने नगर पंचायत के प्रतिनिधियों से कहा कि वे हर उचित स्थान पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करें क्योंकि सीसीटीवी कैमरों ने कई संगीन मामलों को सुलझाने में पुलिस की सहायता की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रवासी लोगों का पंजीकरण अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न मामलों में अच्छा काम करने वाले पुलिस कर्मचारियों को सम्मानित किया जाता रहा है। इस केस में भी अच्छा काम करने वाले पुलिस कर्मचारियों को सम्मान मिलेगा।
प्रैस वार्ता के दौरान डीआईजी सुमेधा द्विवेदी ने कहा कि अम्ब में हुए हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने में अम्ब पुलिस ने बैस्ट रोल अदा किया है। थाना पहुंचने से पहले पुलिस महानिदेशक ने प्रताप नगर में स्पॉट (जिस घर में लड़की का मर्डर हुआ था) का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अन्य पुलिस उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में नगर पंचायत अम्ब की चेयरपर्सन इंदु धीमान व स्थानीय लोगों से भी बंद कमरे में बात की और पुलिस अधिकारियों को मामले संबंधी उचित दिशा-निर्देश जारी किए। इस मौके पर एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर, एएसपी प्रवीण धीमान के अलावा थाना प्रभारी अम्ब आशीष पठानिया भी उपस्थित रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here