आग का ताडंव : देवता के रथ समेत 3 घर व 2 गऊशालाएं जलकर राख, 30 लाख का नुक्सान

Thursday, Nov 24, 2022 - 05:17 PM (IST)

जंजैहली/गोहर (ख्यालीराम): सराज की चिऊणी पंचायत के बुराहड़ा गांव में अचानक देर रात आग लगने से देवरथ सहित 3 मकान और 2 गऊशालाएं जलकर राख हो गए हैं, जिससे पीड़ित परिवारों को अनुमानित 30 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। यह घटना वीरवार देर रात करीब साढे़ 3 बजे की बताई जा रही है। घटना में किसी प्रकार का जानी नुक्सान नहीं हुआ है। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सबसे पहले आग देवता कुंयरी व्यास ऋषि की कोठी में लगी, जिसके चलते देवता का देवरथ पूरी तरह से जल गया है।

आग ने ऐसा रौद्र रूप धारण किया कि आसपास बने 3 घरों और 2 गऊशालाओं को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय घर पर एक बुजुर्ग महिला और एक छोटी लड़की ही मौजदू थीं, जिन्होंने भनक लगते ही घर से बाहर निकलकर जान बचाई जबकि बाकि परिवार के सदस्य बूढ़ी दिवाली के उत्सव में शामिल होने डाहर गए हुए थे। महिला द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए जुट गए लेकिन कड़ी मशक्कत करने के बावजूद आग ने सब राख कर दिया। 

एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आग से 3 मकान व 2 गऊशालाएं जलकर राख हो गए हैं। प्रशासन की ओर से घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पीड़ित परिवारों को हरसंभव राहत मुहैया करवाई जा रही है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay