अटूट आस्था! मन्नत पूरी होने पर अमृतसर के भक्तों ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में अर्पित की 5 किलो चांदी

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 05:20 PM (IST)

चिंतपूर्णी (राकेश): विश्वविख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के प्रति श्रद्धालुओं की श्रद्धा और आस्था का प्रमाण एक बार फिर देखने को मिला है। पंजाब के अमृतसर से पहुंचे माता रानी के भक्तों ने अपनी मन्नत पूरी होने पर मंदिर में एक विशेष सेवा कार्य करवाया है। श्रद्धालुओं ने लगभग 5 किलो चांदी अर्पित कर मंदिर के दर्शन स्थल को भव्य और नया स्वरूप प्रदान किया है।

दर्शन स्थल की रेलिंग पर मढ़ी गई चांदी
जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं ने मंदिर के मुख्य दर्शन स्थल पर, जहां पुजारी खड़े होकर भक्तों को दर्शन करवाते हैं, वहां लगी पाइपदार रेलिंग पर चांदी मढ़वाने का कार्य करवाया है। मंदिर प्रशासन ने बताया कि पहले यहां लगी चांदी समय के साथ खराब हो चुकी थी। इस पुरानी चांदी को सावधानीपूर्वक हटाकर मंदिर के दान पात्र में जमा करवा दिया गया और उसके स्थान पर नई चांदी को विधिवत स्थापित किया गया।

पुजारियों व पूर्व सैनिकों की देखरेख में संपन्न हुआ कार्य
इस पुनीत कार्य के अवसर पर मंदिर के पुजारी जीत लाल कालिया और पुजारी विनोद कालिया ने श्रद्धालुओं से विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। पूजा संपन्न होने के बाद देर रात दर्शन स्थल पर चांदी लगाने का कार्य शुरू हुआ, जिसे पूर्ण कर स्थल को आकर्षक रूप दिया गया। यह सारा कार्य पूर्व सैनिक विधि चंद की निगरानी में संपन्न हुआ।

श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि मां चिंतपूर्णी के भक्तों की माता रानी के प्रति गहरी आस्था है। श्रद्धालु समय-समय पर मंदिर में आकर इस तरह के विशेष सेवा कार्य करते रहते हैं। भक्तों के इस सहयोग से दर्शन स्थल अब और भी भव्य दिखाई दे रहा है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News