मां ज्वालामुखी का चमत्कार! मन्नत पूरी होने पर पंजाब के श्रद्धालु ने अर्पित किया चांदी का छत्र

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 03:12 PM (IST)

ज्वालामुखी (नितेश): विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में भक्तों की अगाध आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम लगातार देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में पंजाब से आए एक श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर मां ज्वाला के दरबार में 880 ग्राम का चांदी का छत्र अर्पित किया है।

श्रद्धालु ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पूर्व मां ज्वाला के दरबार में एक मन्नत मांगी थी। उनकी वह मनोकामना पूर्ण हो गई, जिसके बाद वे माता का आभार व्यक्त करने और अपनी भेंट चढ़ाने विशेष रूप से ज्वालामुखी पहुंचे।

मंदिर के पुजारी कपिलमुनि ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इसके बाद श्रद्धालु ने चांदी का यह विशेष छत्र मां के चरणों में समर्पित किया। पुजारी कपिलमुनि ने बताया कि मां ज्वाला के दरबार में देश-विदेश से श्रद्धालु अटूट आस्था लेकर आते हैं और मुरादें पूरी होने पर माता को अपनी श्रद्धानुसार भेंट अर्पित करते हैं।

मंदिर प्रशासन के अनुसार नवरात्रों के संपन्न होने के बाद भी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रशासन ने जानकारी दी है कि भक्त द्वारा चढ़ाए गए इस चांदी के छत्र को मंदिर की भेंट में विधिवत शामिल कर लिया गया है। मां के दरबार में आ रही ऐसी भेंटें भक्तों के उस विश्वास को दर्शाती हैं, जो युगों से इस शक्तिपीठ से जुड़ा है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News