शिमला-कालका रेल ट्रैक पर पटरी से उतरी रेल कार, यात्री सुरक्षित

Sunday, Aug 28, 2022 - 06:16 PM (IST)

शोघी (शिमला) (राजेश): विश्व धरोहर शिमला-कालका रेल मार्ग पर शोघी के समीप रेल कार पटरी से उतर गई। इसमें 13 लोग सवार थे। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी व पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान रेल मोटर कार में सवार सभी यात्रियों को बस के माध्यम से शिमला पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार कालका से शिमला रेल कार सुबह 5.25 बजे शिमला के लिए रवाना हुई थी और सुबह 10.30 बजे शोघी पहुंची। शोघी से रवाना होते ही रेल कार नंबर 72451 तारादेवी और शोघी के बीच अचानक पटरी से उतर गई। रेल कार के पटरी से उतरते ही इसमें सवार यात्रियों में भय का माहौल पैदा हो गया। हालांकि इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। यात्रियों को बस के जरिए शिमला पहुंचाया। इस घटना के बाद शिमला-कालका रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन बंद हो गया।

रेल कार को वापस पटरी पर लाने के लिए काफी समय लग गया और शाम 5 बजे के बाद शिमला-कालका रेल मार्ग बहाल हो पाया। इसके बाद जो ट्रेनों कालका से रवाना होने के बाद बीच मार्ग पर रुकी हुई थीं, उन्हें शिमला की ओर रवाना किया गया। इसके बाद शिमला से कालका के बीच ट्रेनों का संचालन बहाल किया गया। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay