संविधान दिवस पर हुई लोकतंत्र की जीत : पाटिल

Wednesday, Nov 27, 2019 - 03:31 PM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी श्रीमति रजनी पाटिल जी ने कहा है कि महाराष्ट्र में संविधान दिवस पर ही लोकतंत्र की जीत हुई है। केंद्र सरकार ने सत्ता हथियाने को हर तरह का हथकंडा अपनाया लेकिन लोकतंत्र को हरा नहीं पाई। उन्होंने कहा कि संविधान का हरेक व्यक्ति को सम्मान करना चाहिए लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार सत्ता की भूख में सबकुछ भूल गई है।उन्होंने कहा कि अब झूठ व फरेब पर राजनीति करने वालों को इससे बड़ा सबक क्या हो सकता है।न्यायपालिका ने एक बार फिर जनता का विश्वास बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि अब रात के अंधेरे में होने वाली राजनीति से धीरे-धीरे पर्दा उठ रहा है।तानाशाही व दबंगई से सत्ता हथियाने का खेल अब भाजपा को छोड़ना चाहिए तथा राजनीति में परिपक्वता दिखानी चाहिए, ताकि संवैधानिक मूल्यों की गरिमा बनी रहे। उन्होंने कहा कि ऐसी गंदी राजनीति किसी राष्ट्र के लिए सही नहीं है तथा लोकतंत्र में मिले समर्थन का सम्मान करते हुए धक्केशाही से सरकार बनाने के ख्बाव छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अघोषित आपातकाल की स्थिति से देश का भला होने वाला नहीं है, क्योंकि ऐसी सोच से देश पिछड़े देशों की श्रेणी में खड़ा हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में भी विकास की बजाये देश को बांटने का ही काम किया है।

Edited By

Simpy Khanna