Shimla: सह प्रभारी के समक्ष उठी जल्द से जल्द संगठन के पुनर्गठन की मांग

punjabkesari.in Thursday, May 29, 2025 - 12:31 PM (IST)

शिमला, (राक्टा): प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शिमला ग्रामीण और कसुम्पटी ब्लॉक के कार्यकर्त्ताओं की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विदित चौधरी, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित अन्य नेता उपस्थित रहे। इस अवसर पर ब्लॉक कार्यकर्त्ताओं ने प्रदेश सह प्रभारी के समक्ष बीते 7 माह से भंग चल रही प्रदेश से लेकर जिला व ब्लॉक कमेटियों का मामला जोर-शोर से उठाया। साथ ही आग्रह किया कि जल्द से जल्द संगठन का पुनर्गठन किया जाए। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी विदित चौधरी से आग्रह किया कि प्रदेश में जल्द ही पी.सी.सी., जिला व ब्लॉक कार्यकारिणी घोषित की जाए ताकि पार्टी कार्यकर्त्ताओं को जिम्मेदारी दी जा सके।

पूर्व विधायक चिरंजीव लाल कश्यप ने भी अपने संबोधन में जल्द से जल्द संगठन का गठन किए जाने की बात कही। इस तरह अन्य नेताओं ने भी ये मांग प्रमुखता से उठाई। तर्क था कि संगठन का गठन न होने से कार्यकर्त्ता निराश होने लगे हैं और धरातल पर संगठन की गतिविधियां ठप्प पड़ी हुई हैं। वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्त्ताओं से आगामी 30 मई को शिमला में होने वाली जयहिंद सभा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने शिमला ग्रामीण ब्लॉक के पार्टी कार्यकर्त्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर देश के वीर जवानों के सम्मान में कांग्रेस देशभर में जय हिंद सभाओं का आयोजन कर रही है। इसी के तहत शिमला में भी जयहिंद सभा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं, पूर्व पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, इंटक, एन.एस.यू.आई. और पार्टी के सभी विभागों के पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ताओं को इसमें शामिल होने को कहा है।

संगठन कार्यों को समय देने वालों को मिलेंगे पद

कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विदित चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह एकजुट और मजबूत है। उन्होंने कहा कि यदि संगठन मजबूत होगा तो सरकार भी मजबूत होती है। विदित चौधरी ने कहा कि जल्द ही प्रदेश में पी.सी.सी., जिला व ब्लॉक कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया कि संगठन में पार्टी के उन कार्यकर्त्ताओं को अहम जिम्मेदारी दी जाएगी, जो संगठन के कार्यों को पूरा समय देंगे। इस दौरान संगठन के गठन को लेकर भी सभी की राय जानी गई।

संगठन सर्वोपरि, निर्देशों का हो पालन : विक्रमादित्य

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बैठक में उपस्थित पार्टी कार्यकर्त्ताओं से जय हिंद सभा में अधिक से अधिक लोगों को लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार में संगठन सर्वोपरि होता है और सभी को संगठन के दिशा-निर्देश का पालन करना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News