अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में इस बार नए रथ में जाएंगे चच्योट के आराध्य देव पंचवीर

Saturday, Feb 24, 2024 - 10:51 PM (IST)

गोहर (ख्यालीराम): चच्योट के आराध्य देव पंचवीर के नए रथ की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। वहीं इस बार देव पंचवीर महाशिवरात्रि पर्व के अंतर्राष्ट्रीय मेले में नए रथ में विराजित होकर देवताओं के महाकुंभ की शोभा बढ़ाएंगे। देवता के कारदार दिले राम ने कहा कि महावीर के अवतार देव पंचवीर का रथ पहले से ही चांदी धातु से जड़ित निर्मित था लेकिन देवता के आदेशानुसार तथा श्रद्धालुओं के सहयोग से देव रथ में करीब 3 किलो चांदी धातु को बढ़ाकर रथ का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि रथ की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य पर क्षेत्र के देवताओं के कई बड़ी देयोठियों को आमंत्रित किया गया था। 

शहनाई की मधुर धुन से मोहित होकर चच्योट में बस गए थे देवता
देवता के गुर बंटी ने कहा कि देवता का मूल स्थान बंजार (कुल्लू) के काला पाट स्थित स्थल में माना गया है। कोटला और पलदी में देवता को बड़े देवताओं की तर्ज पर माना जाता है। बताया गया है कि देव पंचवीर शहनाई की मधुर धुन से मोहित होकर चच्योट की नगरी में बसे हैं। तब से क्षेत्र में देवता की बड़ी मान्यता रही है। उन्होंने कहा कि देव पंचवीर कई पीढ़ियों से मंडी के महाशिवरात्रि मेले में शामिल होते रहे हैं। नाचन क्षेत्र से संबंध रखने वाले देव पंचवीर ही कई ऐसे कम देवताओं में शामिल हैं, जिन्हें मंडी व सुकेत जैसी 2 रियासतों में सम्मान दिए जाने का सौभाग्य प्राप्त है। देवता मंडी के महाशिवरात्रि मेले के साथ-साथ सुकेत रियासत में आयोजित देवताओं के मेले में भी शरीक होते हैं। महाशिवरात्रि मेले के बाद सुंदरनगर में देवता मेले में भी शरीक होंगे। 
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay