Himachal: केंद्र ने बिना ब्याज दो बार 500 करोड़ रुपए दिए : अनुराग

punjabkesari.in Saturday, Jun 07, 2025 - 04:48 PM (IST)

देहरा (राजीव): भारत सरकार ने दो बार 500 करोड़ रुपए बिना ब्याज के दिए जिसके लिए प्रदेश सरकार ने एक बार भी केंद्र का आभार नहीं जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं का मन छोटा है इसलिए सांसद प्रायोजित कार्यों के उद्घाटन एवं शिलान्यास में सांसद का नाम काट दिया जा रहा है। कांग्रेस ने हिमाचल की दुर्गति कर दी है और प्रदेश विकास की पटरी से उतर चुका है। इस समय कांग्रेस के कार्यकर्त्ता अपनी सरकार से दुखी हैं। यह बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने कहीं। अनुराग ठाकुर शनिवार को देहरा में भाजपा कार्यकर्त्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

अनुराग ने कहा कि दुनिया भर के देशों में भारत के सांसदों का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद को दुनिया के सामने रखने और पाकिस्तान का नापाक चेहरा दुनिया के सामने लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल से भी अवसर दिया। अनुराग ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवादियों को संरक्षण देता रहा है और यह भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर के लिए खतरा है। अनुराग ने कहा कि भारत की कार्रवाई के दौरान मारे गए आतंकवादियों को पाकिस्तान के झंडे में लपेटा और पाकिस्तान की फौज के अफसर और नेता उनके जनाजे के समय वहां मौजूद रहे। अनुराग ने कहा कि आतंकवादियों और पाकिस्तान फौज का गठजोड़ है।

सेना के पराक्रम पर सवाल उठाते हैं राहुल
राहुल गांधी पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जो भारतीय सेना के पराक्रम पर भी प्रश्न चिन्ह खड़ा करते हैं। उन्होंने कहा कि क्या विपक्ष के कुछ नेता पाकिस्तान का एजैंडा सैट करने में लगे हैं। अनुराग ने कहा कि विपक्ष के नेता के भाषणों और भाषा पर पाकिस्तान के नेता को देश का प्रधानमंत्री देखने चाहते हैं।

सांसद ने किया पौधारोपण
सांसद अनुराग ठाकुर ने जल शक्ति विभाग देहरा के विश्राम गृह के प्रांगण में पौधारोपण किया। सांसद ने देहरा में जनता की समस्याओं को भी सुना। इस अवसर पर पूर्व मंत्री रविन्द्र रवि, जिलाध्यक्ष अजय खट्टा, मंडल अध्यक्ष अविनाश धीमान, वीरेंद्र भूरिया, सुकृत सागर व देवेंद्र पिंटू सहित अन्य भाजपा कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News