शहरी निकायों व पंचायतों में 1100 दावेदारों के भाग्य का फैसला कल

punjabkesari.in Tuesday, Apr 06, 2021 - 10:30 PM (IST)

शिमला (देवेंद्र): सूबे के 4 नगर निगम, 6 नगर पंचायतों और 136 पंचायतों के लिए आज जनमत का दिन है। कोविड की दूसरी लहर के बीच सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान प्रक्रिया चलेगी। वोटिंग खत्म होते ही मतगणना और उसी वक्त नतीजे आएंगे। धर्मशाला, पालमपुर, सोलन और मंडी नगर निगम में पार्षदों के 64 पदों के लिए कुल 271 दावेदार मैदान में हैं जबकि 6 नगर पंचायतों में 44 वार्ड सदस्य के लिए 105 दावेदार तथा 3 ब्लॉक की पंचायतों में प्रधान पद के लिए 750 से अधिक उम्मीदवार अपना भविष्य आजमा रहे हैं। इन चुनाव में कोरोना मरीज और क्वारंटाइन चल रहे मतदाता भी वोट दे सकेंगे। निर्वाचन आयोग ने पहले ही इनके मतदान की तैयारियां कर रखी हैं। इन्हें 4 बजे मतदान कराया जाएगा। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में तैनात एक स्वास्थ्य कर्मचारी पीपीई किट पहनकर कोविड मरीजों से मतदान सुनिश्चित कराएगा। नगर पंचायत चुनाव के लिए 44 पोलिंग स्टेशन, नगर निगम के लिए 142 और पंचायत चुनाव के 534 पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं।

जाने कहां कितने वोटर?

चारों नगर निगम में कुल 1,38,666 वोटर हैं, जिसमें 69,597 पुरुष और 69,069 महिला वोटर हैं। इसी तरह चिडग़ांव, नेरवा, आनी, निरमंड, कंडाघाट और अम्ब नगर पंचायतों में कुल 13,838 वोटर, 7219 पुरुष और 6,579 महिला मतदाता हैं। वहीं टुटू, धर्मपुर और चौपाल ब्लॉक की पंचायतों में 1,60,400 वोटर प्रधान का चयन करेंगे। 

किस ब्लॉक में कितनी पंचायतें

 ब्लॉक           पंचायतें
 टुटू    34
 चौपाल  48
 धर्मपुर  54

निर्वाचन अधिकारी संजीव महाजन ने बताया कि शहरी निकाय और पंचायत चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदाताओं से आग्रह है कि कोविड नियमों का पालन करते हुए मतदान करें। नगर निगम चुनाव के कुल 271 दावेदारों में 64 कांग्रेस, 64 भाजपा, 43 आम आदमी पार्टी, 2 सीपीआईएम और 98 आजाद प्रत्याशी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News