बुरांस के फूल लाने गई 13 साल की मासूम के साथ हुआ ये दर्दनाक हादसा, मौके पर तोड़ा दम

Friday, Mar 05, 2021 - 05:50 PM (IST)

गोहर/जंजैहली (ख्याली राम): पुलिस थाना जंजैहली के तहत शिकावरी गांव में एक 13 वर्षीय मासूम की ढांक से गिरकर मौत होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार परिवार की लाडली दया ठाकुर पुत्री हरदेव सुबह स्कूल गई थी। स्कूल से छुट्टी होने के उपरांत वह घर से कुछ ही दूरी पर जंगल में खिले बुरांस के फूल लेने जा रही थी कि अचानक डबरानाल नामक ढांक से पांव फिसलने के कारण करीब 500 मीटर की गहरी खाई गिर गई,  जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का पता चलते ही माता9पिता के पैर तले जमीन खिसक गई। घटना बीते बुधवार शाम ही है।

परिवार के सदस्यों और स्थानीय आसपास के ग्रामीण जब घटनास्थल पर पहुंचे तो ढांक से गिरी लड़की कहीं नजर नहीं आई, जिस कारण लोगों ने बीती रात से उसे ढूंढने का भरसक प्रयास किया लेकिन अंधेरा होने के कारण उसे ढूंढ नहीं पाए। शुक्रवार सुबह गांव वालों की सहायता से उसे ढूंढने का प्रयास किया व दोपहर बाद उसकी गिरी चप्पल देखी गई, जिसके आधार पर मासूम का शव करीब आधा किलोमीटर की गहरी खाई से बरामद हो सका। इस घटना से समूचा क्षेत्र शोक में डूबा है। एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को बच्ची के शव काे पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया है। प्रशासन की ओर से मृतका के परिजनों को 10 हजार रुपए की फौरी राहत दी गई है।

Content Writer

Vijay