शांत हो गया गीतों का सार, हिमाचल के रफी ‘रफीक’ का निधन

Friday, Sep 06, 2019 - 08:24 PM (IST)

ठियोग (सुरेश): हिमाचली लोक संस्कृति को अपनी हजारों पहाड़ी रचनाओं से देशभर मे अलग पहचान दिलाने वाले लोक साधक व सच्चे साहित्यकर्मी गीतकार लायकराम रफीक का शुक्रवार सुबह साढ़े 7 बजे निधन हो गया। रफीक पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। हिलीवुड को 2500 से अधिक गीत देने वाले 75 वर्षीय रफीक के निधन से पहाड़ी लोकसंगीत की दुनिया को अपूर्णीय क्षति हुई है। रफीक द्वारा लिखे गए पहाड़ी लोकगीतों से प्रदेश के कई जाने-माने व प्रसिद्ध कलाकार अपनी अलग पहचान बनाने में सफल हुए हैं।

नरयाह गांव में 1944 में हुआ था जन्म

प्रदेश के रचनाकार रफीक का ठियोग के नरयाह गांव में वर्ष 1944 में जन्म हुआ था। रफीक हर तरह के भजन और पहाड़ी नाटिया लिख चुके हैं और करीब 2500 गीत लिखकर कई गायकों तथा कलाकारों को बुलंदियों पर पहुंचा चुके हैं। उन्होंने रेडियो स्टेशन पर कैजुअल कलाकार के रूप में भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा है। उनका प्रसिद्ध गीत ‘रोईयो रातडी काटी नैरे सेवन की’  पहचान बनी। इसके अलावा उन्होंने शकरोहा स्थित साऊंड एंड साऊंड स्टूडियो में टी सीरीज के लिए माता की भेंटें भी लिखी हैं। उनका सुप्रसिद्ध गाना ‘सुपने दी मिली आमया तू मेरिए’ आज भी संगीत प्रेमियों के होठों पर रहता है।

कई अवार्डों से नवाजे जा चुके हैं रफीक

रफीक का मानना था कि पारंपरिक गीतों के पीछे इतिहास छिपा होता है। युवा कलाकारों को उस इतिहास की पूरी जानकारी बुजुर्गों से लेकर गीतों को प्रस्तुत करना चाहिए, साथ ही गीतों के सार तत्व और शिक्षाप्रद होने से ही उनकी सार्थकता होती है। प्रदेश के रचनाकार रफीक को कई अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है, जिनमें हिमोत्कर्ष संस्था की ओर से राज्य स्तर पर हिमाचल श्री अवार्ड तथा मुंबई की संस्था द्वारा लाइफ टाइम अचीवमैंट अवार्ड शामिल है। लोक संस्कृति के लिए रफीक के योगदान को सदा याद रखा जाएगा।

लोक कलाकारों ने जताया शोक

रफीक के निधन पर नाटी किंग कुलदीप शर्मा, वॉयस ऑफ हिमालयाज फेम किशन वर्मा, विक्की चौहान, ठाकुर दास राठी, डिंपल ठाकुर, सुरेश शर्मा, राज शर्मा, डॉ. महेंद्र राठौर, राजीव शर्मा, श्याम सिंगटा, विक्की राज्टा, पंकज ठाकुर, अजय चौहान, संघी सुरेश शर्मा, मदन झाल्टा, दलीप सिरमौरी, रघुवीर सिंह, तारा कमल, सुमित नारायण, गीतकार हरी किशन वर्मा, सरगम रिकॉड्र्स, संगीतकार राजीव नेगी व सुरेंद्र नेगी सहित क्षेत्र के लोक गायकों ने दुख प्रकट किया है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है तथा ईश्वर से उनके परिजनों को इस दु:खद आघात को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

Vijay