दर्दनाक हादसा : लैंटर तोड़ते 3 मजदूर मलबे में दबे, एक की मौत

Tuesday, May 14, 2019 - 05:01 PM (IST)

चैलचौक: जंजैहली उपमंडल के मझाखल गांव में सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक पुराने मकान के लैंटर को तोड़ते समय 3 मजदूर लैंटर के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां पर मौजूद लोगों और मजदूरों के चिल्लाने की आवाज को सुनकर आसपास के ग्रामीण मजदूरों को निकालने के लिए मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर तीनों मजदूरों को लैंटर के नीचे से निकाल कर प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल जंजैहली पहुंचाया।

गिरजा नंद ने उपचार के दौरान तोड़ा दम

लैंटर के नीचे दबने वाले मजदूरों की पहचान गिरजा नंद पुत्र परस राम गांव मजाखल, गोपाल पुत्र शिवराम गांव मजाखल डोजरोल, खेम सिंह पुत्र परस राम निवासी खोलियारदोगरी मजाखल के रूप में हुई है। जंजैहली अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एक मजदूर गिरजा नंद पुत्र परशुराम को मृत घोषित कर दिया जबकि 2 घायल मजदूरों का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुराने घर को तोड़कर बनाना था नया घर

मिली जानकारी के अनुसार मझाखल गांव के गुलाब सिंह नरपत राम अपने पुराने घर को तोड़कर नया घर बनाने जा रहे थे जिस दौरान यह हादसा हो गया। एस.डी.एम. थुनाग सुरेंद्र मोहन ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से मृतक मजदूर के परिजनों को 10 हजार रुपए फौरी राहत के तौर पर दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों का उपचार जंजैहली अस्पताल में जारी है।

Vijay