स्वतंत्रता सेनानी अमरनाथ डोगरा का निधन, राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन

punjabkesari.in Tuesday, Jan 12, 2021 - 08:43 PM (IST)

घुमारवीं (कुलवंत): घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव करलोटी में वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी अमरनाथ डोगरा (92) का निधन हो गया। उन्होंने बीती रात अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर पुलिस के जवानों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। इसके अलावा एसडीएम घुमारवीं शशिपाल शर्मा ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अमरनाथ डोगरा का जन्म वर्ष 1928 में पिता अच्छरु राम व माता संतोषी देवी के घर लाहौर में हुआ था। इनकी शादी रामप्यारी के साथ हुई थी। इनकी 8 बेटियां व 3 लड़के हैं। स्वतंत्रता सेनानी अमरनाथ डोगरा समाजसेवी तथा समाज के प्रभावशाली व्यक्तियों में से एक थे। यही कारण रहा कि उन्होंने 20 वर्षों तक ग्राम पंचायत करलोटी के प्रधान पद पर अपनी सेवाएं दीं। इसी के साथ वह हिमाचल प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी सैल के सदस्य भी रहे हैं। इनका क्षेत्र जब पुलिस थाना तलाई के अंतर्गत था तो उस समय अमरनाथ डोगरा पुलिस थाना तलाई के तालमेल समिति के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

इनके पुत्र भूपेंद्र डोगरा स्टेशन फायर ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। इनका दूसरा बेटा राज कुमार भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। इनका तीसरा बेटा संजीव कुमार है। स्वतंत्रता सेनानी अमरनाथ डोगरा के निधन पर खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि अमरनाथ डोगरा की कमी को कभी भी पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति वह हमेशा समर्पित रहे। उनके द्वारा किए हुए कार्य हमेशा स्मरणीय रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News