शिकारी की गोली से मौत मामला : पुलिस ने 48 घंटो में दबोचा आरोपी

Friday, Feb 22, 2019 - 06:47 PM (IST)

मंडी (नितेश सैनी): मंडी जिला के बल्ह में शिकारी की गोली से हुई व्यक्ति की मौत मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने 48 घंटो में ही मामले के आरोपी को उसके घर गलमा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आई.पी.सी. की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार की शाम जब जोगिंद्रनगर निवासी सुभाष ठेकेदार के पास से काम कर अपने क्वार्टर गलमा जा रहा था तो अचानक रास्ते में उसके सिर पर शिकारी की गोली लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दौरान मौका देख शिकारी वहां से फरार हो गया। जब सुभाष के घर न पहुंचने पर उसकी पत्नी स्थानीय लोगों के साथ उसे ढूंढने निकली तो उसका शव मैंसणा जंगल में बरामद हुआ।

पुलिस ने अहम साक्ष्यों के आधार पर दबोचा आरोपी

वहीं घटना के बाद एस.पी. मंडी गुरदेव चंद शर्मा ने मामले की जांच का जिम्मा डी.एस.पी. सुंदरनगर तरनजीत सिंह को सौंपा। जांच के दौरान डॉग स्क्वायड, टैक्रीकल विंग और एस.आई.यू. का सहारा लेकर मैंसणा जंगल में छानबीन की गई। जांच के दौरान पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे, जिनके आधार पर पुलिस ने आरोपी कश्मीर सिंह पुत्र बुद्धि सिंह को उसके घर गलमा से गिरफ्तार किया और आई.पी.सी. की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डी.एस.पी. सुंदरनगर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी।

Vijay