शिकारी की गोली से मौत का मामला, पुलिस ने जंगल में जुटाए साक्ष्य (Video)

Thursday, Feb 21, 2019 - 10:58 AM (IST)

मंडी (नितेश सैनी): मंडी जिला के बल्ह में बीते दिन शिकारी की गोली से हुई व्यक्ति की मौत मामले को लेकर बुधवार को सुंदरनगर के डी.एस.पी. तरनजीत सिंह ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अवैध रूप से शिकार कर रहे लोगों का पता लगाने में जुट गए। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि उस समय जंगल में कौन शिकार खेलने गया था। मौके पर फोरैंसिक टीम, डॉग स्क्वायड व स्पैशल इन्वैस्टीगेशन टीमों को बुला कर पूरे इलाके की छानबीन की जा रही है और सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

काम से लौटते समय गोली का शिकार हुआ था सुभाष

बता दें कि बीते कल जोगिंद्रनगर निवासी सुभाष बल्ह में शिकारी की गोली का शिकार हो गया था। वह बल्ह के गलमा में अपनी पत्नी के साथ रहता था। वह किसी ठेकेदार के पास पत्थर तराशने का काम करता था। बीते दिन जब वह काम से वापस लौट रहा था तो अचानक रास्ते में उसके सिर पर शिकारी की गोली लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसकी पत्नी स्थानीय लोगों के साथ उसे ढूंढने निकली। इस दौरान वह मैंसणा जंगल में गिरा हुआ मिला, उसके सिर से खून बह रहा था। मौके पर पुलिस को बुलाकर सुभाष को नेरचौक मैडीकल कॉलेज लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

वहीं बुधवार को व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया गया। शव को करीब 18 घंटे बाद सौंपे जाने पर परिजनों ने अस्पताल परिसर में हगांमा भी किया और प्रशासन और अस्पताल प्रबंधनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। वहीं मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक इंद्र सिंह गांधी ने पीड़ित परिजनों को 5 हजार रुपए की राशि प्रदान की है और जल्द इंसाफ दिलाने की बात कही।

क्या बोले डी.एस.पी. सुंदरनगर

सुंदरनगर के डी.एस.पी. तरनजीत सिंह ने मामले की जानकरी देते हुए कहा कि मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि किन शिकारियों ने सुभाष को गोली मारकर मौत के घाट उतारा है। उन्होंने कहा कि हर पहलू की गहनता से जांच जारी है तथा जल्द ही आरोपियों को गिफ्तार किया जाएगा।

Vijay