Kangra: घर से 100 मीटर दूर खाई में मिला लापता व्यक्ति का शव

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 09:41 PM (IST)

डरोह (अजय): उपमंडल धीरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत मरूहूं के गांव सूरी में 4 दिनों से लापता चल रहे 45 वर्षीय देश राज का शव मंगलवार को घर से करीब 100 मीटर दूर एक खाई में गली-सड़ी अवस्था में बरामद हुआ। शव से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पंचायत प्रधान और पुलिस को दी। जानकारी के अनुसार देश राज पिछले 4 दिनों से घर से लापता था। ग्रामीणों ने बताया कि उसे अंतिम बार शनिवार को घर के आसपास नशे की हालत में देखा गया था। मृतक के भाई राकेश कुमार ने बताया कि देश राज शराब का आदी था और अक्सर बिना बताए घर से चला जाता था। कई बार वह 10 से 15 दिनों के बाद स्वयं वापस लौट आता था, इसलिए इस बार उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने गांव के समीप ढांक में एक शव पड़ा देखा।

शव काफी दिनों पुराना होने के कारण सड़-गल चुका था। सूचना मिलने पर पंचायत प्रधान अरुण चौधरी ने पुलिस को अवगत किया। इसके बाद भवारना पुलिस मौके पर पहुंची और बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। परिजनों का अनुमान है कि देश राज नशे की हालत में खाई में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम टांडा मैडीकल कॉलेज अस्पताल में करवाया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News