जब दोस्त से मिलने अचानक उसके घर पहुंच गए धर्मगुरु दलाईलामा

Saturday, Aug 10, 2019 - 09:50 PM (IST)

मंडी/मनाली: धर्मगुरु दलाईलामा तेनजिन गयात्सो शनिवार सुबह 5 बजे अपने दोस्त परमानंद कपूर से मिलने उनके घर पहुंचे। कपूर ने दलाईलामा से कुछ समय पहले धर्मशाला में आग्रह किया था कि जब भी वह मंडी की तरफ  आएं तो उनके घर जरूर आएं, जिसके लिए दलाईलामा ने स्वीकृति दी थी। शुक्रवार रात को मनाली जाते हुए दलाईलामा मंडी के एक होटल में रुके थे और शनिवार सुबह अचानक दल-बल सहित परमानंद कपूर के परिवार से मिलने पहुंच गए। दलाईलामा ने कपूर के घर तकरीबन एक घंटे तक उनके परिवार के साथ समय बिताया और पुरानी यादें ताजा कीं।

परमानंद कपूर ने दलाईलामा की सिक्योरिटी में बिताए थे कई वर्ष

बता दें कि परमानंद कपूर रिटायर्ड डीएसपी हैं और कई वर्षों तक दलाईलामा की सिक्योरिटी में रहे हैं। कपूर अब 89 साल के हैं और रिटायरमैंट के 31 साल के बाद भी दलाईलामा के साथ जुड़े हुए हैं। परमानंद कपूर ने दलाईलामा को अपना गुरु बना लिया है। परमानंद कपूर के बड़े बेटे राजेंद्र प्रसाद कपूर की ऑक्सीजन गैस की फैक्टरी का उद्घाटन 2000 में महामहिम दलाईलामा ने ही किया था। परमानंद कपूर की बहू चंपा कपूर ने दलाईलामा को देव कमरूनाग जी का चित्र भेंट किया। इसके बदले में धर्मगुरु दलाईलामा ने उन्हें बुद्धा की एक अलौकिकमूर्ति भेंट की।

10 वर्ष बाद मनाली पहुंचे महामहिम दलाईलामा

महामहिम दलाईलामा अपने 17 दिवसीय प्रवास पर मनाली पहुंच गए हैं। महामहिम 27 अगस्त तक मनाली में अपने अनुयायियों से मिलेंगे और मनाली बाजार के साथ अस्पताल ग्राऊंड में लोगों को दीक्षा भी देंगे। महामहिम के मनाली प्रवास के दौरान उनसे हिमाचल के मुख्य न्यायाधीश वी. रामासुब्रमनियन ने भी मुलाकात की। हिमालयन बुद्धिस्ट सोसायटी के मुख्य संरक्षक रवि ठाकुर ने बताया कि महामहिम दलाईलामा 2010 के बाद 2019 में मनाली के 17 दिन के प्रवास पर आए हैं। उन्होंने बताया कि महामहिम दलाईलामा नेरी गोंपा मनाली के बड़े गुरु के आमंत्रण पर मनाली आए हैं और यहां पर 10 अगस्त से 27 अगस्त तक नेरी गोंपा में रहेंगे।

13 अगस्त को नाग अर्जुन 37 बौद्ध अभ्यास पर देंगे प्रवचन

उन्होंने कहा कि महामहिम 13 अगस्त को मनाली अस्पताल के सामने ग्राऊंड में नाग अर्जुन 37 बौद्ध अभ्यास पर प्रवचन देंगे। 14 अगस्त को पूजा-अर्चना करने के बाद बौद्ध धर्म का परिचय करके बौद्ध अनुयायियों को संबोधित करेंगे, जिसमें लाहौल-स्पीति, जंस्कार, किन्नौर, भरमौर, लेह-लद्दाख और कुल्लू-मनाली के अनुयायियों को बौद्ध धर्म के बारे में जानकारी देंगे तथा 15 अगस्त को आर्य अवलोकितेश्वर दीर्घायु अभिषेक देंगे।

Vijay