Kangra: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र में नाम सुधार की प्रक्रिया स्पष्ट, दस्तावेजों की जांच के बाद ही होगा संशोधन

punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2026 - 10:53 PM (IST)

डाडासीबा (सुनील): हिमाचल प्रदेश में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों में नाम या अन्य विवरण गलत दर्ज होने पर अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही सुधार किया जा सकेगा। पंचायती राज विभाग ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने होंगे और उनकी जांच के बाद ही संशोधन किया जाएगा। विभाग के अनुसार जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम-1969 की धारा 15 के तहत रजिस्टर में दर्ज गलत जानकारी को ठीक करने का प्रावधान है। इसके तहत पुरानी जानकारी को मिटाने की बजाय मूल रिकॉर्ड के साथ अलग से टिप्पणी दर्ज की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जन्म या मृत्यु की मूल घटना से जुड़े रिकॉर्ड में बदलाव नहीं किया जा सकता। केवल प्रमाणित गलतियों को ही नियमानुसार सुधारा या रद्द किया जा सकेगा। सभी संबंधित रजिस्ट्रारों को आवेदनों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायती राज विभाग के संयुक्त सचिव विजय ब्रागटा की ओर से जारी पत्र प्रदेश के सभी पंचायत सचिवों, रजिस्ट्रारों और जिला पंचायत अधिकारियों को भेजा गया है। पंचायत सचिव संघ के राज्य संयोजक अमित जसरोटिया ने भी विभाग की ओर से जारी इन निर्देशों की पुष्टि की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News