मैदान छोड़ घर लौटेंगे खिलाड़ी! बिलासपुर स्पोर्ट्स हॉस्टल में सिलेंडर का संकट, प्रबंधन खिलाड़ियों को घर भेजने को मजबूर

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 04:03 PM (IST)

बिलासपुर। खेल के मैदानों में पसीना बहाकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के सामने आज एक अनोखी चुनौती खड़ी हो गई है। यह चुनौती किसी विरोधी टीम से नहीं, बल्कि रसोई में खत्म होते गैस सिलिंडरों से उपजी है। पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक तनाव ने हिमाचल के खेल छात्रावासों की व्यवस्था को हिला कर रख दिया है। आलम यह है कि बिलासपुर स्थित राज्य खेल छात्रावास, जो कभी खिलाड़ियों के जोश से गूंजता था, अब राशन और ईंधन की कमी के कारण सन्नाटे की ओर बढ़ रहा है।

संकट की दहलीज पर खड़ा छात्रावास

बिलासपुर का यह केंद्र, जो कबड्डी से लेकर मुक्केबाजी तक के करीब 160 होनहारों का घर है, वर्तमान में एक गंभीर रसद संकट से जूझ रहा है। सामान्य दिनों में यहाँ कम से कम 15 सिलिंडर बैकअप में रहते थे, लेकिन आपूर्ति बाधित होने से यह संख्या घटकर अब महज 3 पर सिमट गई है। मौजूद ईंधन केवल आगामी दो दिनों का भार उठा सकता है। अगर मंगलवार तक नई खेप नहीं पहुँचती, तो छात्रावास प्रशासन खिलाड़ियों को छुट्टी पर भेजने जैसा कड़ा कदम उठाने को मजबूर होगा।

छात्रावास प्रबंधन ने योजना बनाई है कि यदि स्थिति नहीं सुधरी, तो केवल उन खिलाड़ियों को रोका जाएगा जिनकी वार्षिक परीक्षाएँ हैं; बाकी सभी को घर भेज दिया जाएगा। छात्रावास के प्रभारी मनोज ठाकुर ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों की डाइट और भोजन व्यवस्था से समझौता करना मुमकिन नहीं है। यदि ईंधन नहीं मिलता, तो खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए उन्हें घर भेजना ही एकमात्र विकल्प बचेगा।

वहीं, दूसरी ओर खाद्य आपूर्ति विभाग के नियंत्रक ब्रिजेंद्र पठानिया ने स्वीकार किया कि क्षेत्र में गैस की किल्लत चल रही है, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई है कि अगले 24 से 48 घंटों में खेल छात्रावास की इस विशेष समस्या को हल कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News