शिवरात्रि महोत्सव से पहले तैयार होगा संस्कृति सदन, देव समाज के लोगों को मिलेगा लाभ

Saturday, Dec 08, 2018 - 11:30 AM (IST)

मंडी (नीरज): मंडी जिला का देव समाज जिस संस्कृति सदन की वर्षों से आस लगाए बैठा है उस संस्कृति सदन की सुविधा इस बार के शिवरात्रि महोत्सव से मिलना शुरू हो जाएगी। प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि संस्कृति सदन की पहली मंजिल के कार्य को शिवरात्रि महोत्सव से पहले हर हाल में पूरा किया जाए ताकि देव समाज के साथ जुड़े लोगों को इसका लाभ मिल सके। बता दें कि मंडी शहर के साथ लगती कांगणी धार में 10 करोड़ की लागत से चार मंजिला संस्कृति सदन का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके लिए सरकार ने 7 करोड़ की धनराशि भी जारी कर दी है।

18 फरवरी 2015 को संस्कृति सदन का किया गया था शिलान्यास

18 फरवरी 2015 को संस्कृति सदन का शिलान्यास किया गया था लेकिन उसके बाद औपचारिकताओं को पूरा करते करते वर्षों बीत गए और काम भी काफी धीमी गति से चलता रहा। मंडी जिला से सीएम बनने के बाद अब इस कार्य में तेजी आई है। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं कि संस्कृति सदन की पहली मंजिल को शिवरात्रि महोत्सव से पहले तैयार कर दिया जाए ताकि इसका लाभ उठाया जा सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कार्य महोत्सव से पहले पूरा कर लिया जाएगा। वहीं देव समाज के साथ जुड़े लोग आस लगाए बैठे हैं कि उन्हें संस्कृति सदन का लाभ जल्द से जल्द मिले।

शिवरात्रि महोत्सव में आमंत्रित किया जाता है 215 पंजीकृत देवी-देवताओं को

बता दें कि मंडी में आयोजित होने वाले सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में 215 पंजीकृत देवी-देवताओं को आमंत्रित किया जाता है जबकि सैकड़ों देवी-देवता ऐसे हैं जो बीना पंजीकरण के ही आते हैं। देवी देवताओं के साथ आए लोगों को ठहरने की उचित व्यवस्था नहीं मिल पाती। इसी मंशा से मंडी में संस्कृति सदन का निर्माण करवाया जा रहा है।

Ekta