हिमाचल में 3 साल की बच्ची से शर्मनाक हरकत, कन्या पूजन के लिए पड़ोसी के घर गई थी मासूम
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 06:04 PM (IST)
अम्ब (अश्विनी): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब उपमंडल के अंतर्गत एक गांव में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न का बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पीड़िता का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 27 मार्च की है। क्षेत्र में रहने वाले एक प्रवासी परिवार की दो बेटियों को पड़ोस का ही एक व्यक्ति कन्या पूजन के लिए अपने घर ले गया था। कुछ समय बीतने के बाद किसी अन्य महिला ने बच्ची की मां को सूचना दी कि उसकी बेटी के साथ कोई एक्सीडैंट हो गया है। हादसे की सूचना पाकर बच्ची के माता-पिता तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में बच्ची को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए।
अस्पताल में जब ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण किया, तो स्पष्ट हुआ कि बच्ची के शरीर पर मौजूद चोटें किसी दुर्घटना की नहीं, बल्कि कथित यौन शोषण का परिणाम हैं। चिकित्सकों के इस खुलासे के बाद परिजनों के होश उड़ गए। बच्ची की गंभीर स्थिति और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया गया, जहां उसे चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है।
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचित किया गया। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

