कल्याण गौशाला को मिला अतिरिक्त भवन, 15 लाख से होगा निर्माण

Thursday, Oct 31, 2019 - 11:44 AM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): कल्याण गौ सदन सुंदरनगर में अब जल्द ही एक अतिरिक्त भवन का मिलने जा रहा है। 15 लाख रुपयों से निर्मित होने वाले इस अतिरिक्त भवन का शिलान्या ससुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राकेश जंवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधायक राकेश जंवाल द्वारा भवन निर्मित होने वाले स्थान पर विधिवत पूजन किया गया। इसके उपरांत कल्याण गौ सदन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह द्वारा मुख्यातिथि राकेश जंवाल का शाल व टोपी पहनाकर स्वागत किया गया। विधायक राकेश जंवाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे समाज में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और गाय का संवर्धन करना हमारा परम कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि सुंदरनगर कल्याण गौ सदन की नींव कुछ स्थानीय बुद्धिजीवियों द्वारा रखी गई थी। लेकिन वर्तमान में इस गौ सदन के रखरखाव व कार्य की सराहना प्रदेश स्तर पर की जाती है। उन्होंने कहा कि कल्याण गौ सदन में बढ़ रही गायों की संख्या को लेकर अतिरिक्त भवन का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस नेक कार्य के लिए अतिरिक्त भूमि मुहैया करवाने के प्रयास निरंतर जारी हैं। उन्होंने कहा कि इस ईश्वरीय कार्य के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा भी सुंदरनगर कल्याण गौ सदन के प्रयासों को खूब सराहा जाता है। विधायक राकेश जंवाल ने गौ सदन को पहले प्रदान की 5 लाख रूपयों की धनराशि को एक लाख और बढ़ाते हुए 6 लाख रूपए करने की घोषणा की।

इसमें से कल्याण गौ सदन को 3 लाख रूपए प्राप्त भी हो गए हैं। वहीं विधायक राकेश जंवाल ने गौ सदन को अतिरिक्त 50 हजार रूपए देने की भी घोषणा की। इसके अलावा राकेश जंवाल द्वारा गौ सदन के सदस्यों की मांग को पूरा करते हुए प्रतिदिन स्थानीय पशु चिकित्सक द्वारा गायों का स्वास्थ्य चेकअप करने के आदेश पशु पालन विभाग को दिए गए। कार्यक्रम में एसडीएम सुंदरनगर राहुल चौहान, तहसीलदार हरीश शर्मा,नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी अशोक शर्मा, भाजयुमो महामंत्री घनश्याम ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा महामंत्री पूजा वालिया सहित अन्य समाजिक संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

kirti