हिमाचल में अब गाय से सिर्फ बछड़ी ही होगी पैदा(Video)

Monday, Sep 02, 2019 - 02:08 PM (IST)

शिमला(योगराज) : आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या को कम करने के मकसद से गाय सिर्फ बछड़ी ही पैदा करे इस तकनीक पर हिमाचल सरकार काम करने जा रही है। उत्तराखंड व हरियाणा के बाद हिमाचल प्रदेश में सेक्स शॉर्टिंग सीमेन प्रोजेक्ट शुरू होने जा रहा है। जिससे अब प्रदेश में गायों से सिर्फ बछड़ी ही पैदा होगी। गाय से बछड़ा पैदा नहीं होगा। क्योंकि आधुनिक मशीनों के आ जाने से अब खेतों में जुताई के लिए बैलों की जरूरत नहीं रही है।

नतीजतन लोग बछड़ा पैदा होने पर उन्हें सड़कों पर छोड़ देते है। जिसके कारण आवारा पशु किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाते हैं और सड़क दुर्घटनाओं का भी वजह बनते हैं। जिसको देखते हुए पशुपालन विभाग ने नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है। ये प्रॉजेक्ट 47.17 करोड़ का है। इसकी लैब पालमपुर में लगाए जाने का प्रस्ताव है।

पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि हिमाचल सरकार गाय के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति वचनबद्ध है। इसके अलावा गाय के संरक्षण के लिए 44.15 करोड़ रुपए का दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट भी लाया जा रहा है। जिसका नाम सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस रखा गया है। इस सेन्टर में गायों की नस्ल सुधारने और उनके संरक्षण पर काम किया जाएगा। सरकार भेड़, बकरी और गाय पालन को बढ़ावा दे रही है ताकि लोग स्वरोजगार से जुड़ सकें।
 

kirti