12 से 17 वर्ष आयु वर्ग के कोविड टीकाकरण के लिए ''Covovax'' को मिली मंजूरी

punjabkesari.in Saturday, Mar 05, 2022 - 09:06 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): देश में 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों का जल्द कोविड टीकाकरण शुरू हो सकता है। इस आयु वर्ग के बच्चों के लिए भी वैक्सीन तैयार हो गई है। केंद्रीय दवा नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की विषय विशेषज्ञ समिति ने 12 से 17 आयु वर्ग के टीकाकरण के लिए कोवोवैक्स वैक्सीन के आपात इस्तेमाल को अनुमति दी है। देश में 15 से 17 साल के किशोरों का टीकाकरण करने के लिए भारत बायोटैक के कोवैक्सीन का इस्तेमाल हो रहा है।

ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने 28 दिसम्बर को वयस्कों के लिए कोवोवैक्स वैक्सीन के इस्तेमाल को मंजूरी दी थी। इसे अभी तक देश के टीकाकरण अभियान में शामिल नहीं किया गया है। यदि देश में 12 से 14 आयु वर्ग के लिए टीकाकरण अभियान शुरू होता है तो कोवोवैक्स वैक्सीन को इसमें शामिल करने की योजना है। हालांकि इस वैक्सीन का इस्तेमाल 12 से 17 वर्ष की आयु वर्ग पर किया जा सकता है। सीडीएल कसौली से इसके सैंपल पास होने के बाद इस वैक्सीन के करीब 2500 बच्चों व किशोरों पर 2 बार ट्रायल किए गए हैं। इसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं। इसके बाद ही विषय विशेषज्ञ समिति ने आपातकाल में इसके इस्तेमाल की मंजूरी प्रदान की है। कोवोवैक्स वैक्सीन को नोवोवैक्स से प्रौद्योगिकी हस्तांतरण द्वारा बनाया गया है। 

विदित रहे कि सीडीएससीओ ने दिसम्बर में वयस्कों के लिए कोवोवैक्स वैक्सीन और कोर्बेवैक्स को आपात स्थिति में इस्तेमाल करने की मंजूरी दी थी। सबसे बड़ी बात यह है कि कोर्बोवैक्स वैक्सीन भारत का पहला स्वदेशी रूप से विकसित आरबीडी प्रोटीन सब यूनिट वैक्सीन है। इसे हैदराबाद की बायोलॉजिकल-ई द्वारा बनाया गया है। भारत में विकसित यह तीसरी वैक्सीन थी। सीरम इंस्टीच्यूट ऑफ इंडिया ने कोवोवैक्स को बनाया है। इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन ने आपात स्थिति में इस्तेमाल करने की पहले ही मंजूरी प्रदान कर दी थी। सीरम इंस्टीच्यूट ऑफ इंडिया के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने 21 फरवरी को डीसीजीआई को एक आवेदन दिया था। इसमें 12 से 17 आयु वर्ग के लिए कोवोवैक्स के लिए मंजूरी मांगी गई थी, जो अब मिल गई है। सीडीएसओ के प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि विशेषज्ञ समिति ने 12 से 17 आयु वर्ग के टीकाकरण के लिए कोवोवैक्स वैक्सीन के आपात इस्तेमाल को अनुमति दी है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News