ऑनलाइन हुई BEd की काऊंसलिंग, फीस जमा करना भी हुआ आसान

Monday, Jul 22, 2019 - 09:54 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश विश्वविद्यालय में होने वाले अधिक कार्य अब ऑनलाइन किए जा रहे हैं। इस शैक्षणिक सत्र में पहली बार बी.एड. की काऊंसलिंग भी ऑनलाइन की गई है। इसके अतिरिक्त फीस जमा करने का कार्य भी लगभग कैशलैस कर दिया गया है। वि.वि. के.यू.आई.आई.टी. में 3 नए कोर्स और 39 प्राध्यापकों व 14 गैरृशिक्षक कर्मचारियों के पद स्वीकृत किए गए हैं। वि.वि. प्रशासन 22 जुलाई को अपना 50वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इससे पूर्व वि.वि. के कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार ने कहा है कि विश्वविद्यालय के ए ग्रेड शैक्षणिक स्तर को बढ़ाने केलिए 26 सदस्यीय समिति गठित की गई है।

इसके लिए परिसर में सौंदर्यीकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण और सफाई को बढ़ावा देने, खेलकूद व अन्य गतिविधियों के लिए भी विशेष प्रयास किए जाने प्रस्तावित हैं। कुलपति के अनुसार विश्वविद्यालय ने जीव विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, रसायन विभाग, भौतिकी विभाग, सांख्यिकी एवं गणित और एम.टी.ए. में यू.जी.सी. से विशेष सहायता कार्यक्रम प्राप्त करने में सफलता पाई। इसके अंतर्गत करोड़ों रुपए की धनराशि प्राप्त हुई। सभी विभागों में लगातार नैट व जे.आर.एफ. पास छात्रों की संख्या बढ़ी है। बहुत से शोधार्थियों ने राजीव गांधी छात्रवृत्ति, भारतीय आयुर्विज्ञान शोध परिषद और भारतीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रोत्साहित छात्रवृत्तियां हासिल कीं। विश्वविद्यालय में छात्रों की संख्या को देखते हुए प्रत्येक विभाग में खासकर व्यावसायिक विभागों में प्रवेश संख्या को दोगुना किया गया।


 

Ekta